मझगांव में हाथी मारने के लिए 5 लाख में अरुणाचल से आया था शूटर

Updated at : 19 Jan 2018 5:25 AM (IST)
विज्ञापन
मझगांव में हाथी मारने के लिए 5 लाख में अरुणाचल से आया था शूटर

हथियार व 20 लाख नगद जब्त, शूटर पकड़ा से बाहर दांत खरीददार माजिद कोमा में, नहीं हो सकी पूछताछ बड़ाबेलमा जंगल में मिला था हाथी का सिरकटा शव चाईबासा : मझगांव के बड़ाबेलमा जंगल में डेरा डाले 30 हाथियों के झुंड से विशालकाय दंतैल हाथी को मारने के लिये स्थानीय तस्कर ने अरुणाचल प्रदेश से […]

विज्ञापन

हथियार व 20 लाख नगद जब्त, शूटर पकड़ा से बाहर

दांत खरीददार माजिद कोमा में, नहीं हो सकी पूछताछ
बड़ाबेलमा जंगल में मिला था हाथी का सिरकटा शव
चाईबासा : मझगांव के बड़ाबेलमा जंगल में डेरा डाले 30 हाथियों के झुंड से विशालकाय दंतैल हाथी को मारने के लिये स्थानीय तस्कर ने अरुणाचल प्रदेश से पांच लाख रुपये में शूटर को बुलाया था. घटना वाले दिन 19-20 दिसंबर को शूटर ने दंतैल हाथी के सिर पर दो गोली मारकर उसकी हत्या कर दी, जिसके बाद कुल्हाड़ी से आधे सिर को काटकर लगभग 30-35 किलो के दो दांत को निकाल लिये गये. यह खुलासा डीआजी साकेत कुमार ने गुरुवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया.
पत्रकारों को संबोधित करते हुए डीआइजी ने बताया कि शिकार में पहली सफलता के बाद यह दल फिर से दांत के लिये हाथी का शिकार करने की योजना बनाकर मझगांव के मंगापाट गांव में जुटा था, जिसकी सूचना पुलिस को किसी सूत्र के जरिये मिल गयी. इसके बाद पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिये टीम का गठन कर छापेमारी की.
इस दौरान कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें मंझारी थाना क्षेत्र के पंगा निवासी पूर्णचंद्र कुंकल व उसका बेटा सुरेश कुंकल, दोगिला निवासी कृष्णा बिरुवा, कुदाहातु निवासी बिनोद गागराई, मझगांव थानांतर्गत बारकट्टा निवासी सलाय पिंगुवा, चांदबुनिया निवासी कृष्णा हेंब्रम, मांगापाट निवासी लखन तिरिया व त्रिलोचन तिरिया शामिल हैं. सभी लोग मुख्य रूप से हाथी के शिकारी हैं. उनकी निशानदेही पर हाथी दांत के खरीददार अब्दुल माजिद को गिरफ्तार किया है, जो ओड़िशा के जशीपुर का रहने वाला है.
हालांकि माजिद
एक दुर्घटना में घायल होने के बाद अभी कोमा में है और कटक के अश्वनी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
हाथी मारने के लिए…
हाथी को मारने वाले आठों शिकारियों ने हाथी दांत को 13 लाख में अब्दुल माजिद को बेच दिया. अब्दुल ने वह दांत आगे कहीं और 15 लाख में बेचा है. माजिद के कोमा में होने के कारण पुलिस को अगले खरीददार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. अब्दुल के घर से पुलिस ने 14.27 लाख रुपये नगद बरामद किये हैं. जबकि, शिकारियों के पास से 5.40 लाख रुपये बरामद हुए हैं. शिकारियों ने 13 लाख में से पांच लाख शूटर को दे दे दिये थे और बाकी राशि आपस में बांट ली थी. कृष्णा हेंब्रम के घर से 1.60 लाख, कृष्णा बिरुवा के घर से 3.50 लाख, पूर्णचंद्र कुंकल के घर से 30 हजार रुपये बरामद हुए हैं. इसके अलावा एक बारह बोर की रेगुलर एसबीबीएल बंदूक, बारह बोर की 9 जिंदा गोलियां व चार खोखे, 7.62 बोर की दो जिंदा गोलियां, काले रंग की आसुस कंपनी का मोबाइल फोन, काले रंग का सैमसंग मोबाइल व हाथी दांत की कमाई से अलग नगद आठ हजार रुपये जब्त किये गये हैं.
अंतराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े हैं तार, लोकल में मिलते हैं कम दाम : प्रेसवार्ता के दौरान डीआइजी साकेत कुमार ने हाथी दांत तस्करी के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े होने की बात कही. उन्होंने कहा कि अब्दुल माजिद से पूछताछ के बाद काफी कुछ स्पष्ट होने की उम्मीद है और संभव हक की हाथी दांत भी बरामद हो जाये. प्रेस वार्ता में उपस्थित चाईबासा डीएफओ कुमार आशुतोष ने बताया कि तस्करों के मुताबिक जमशेदपुर में उन्हें हाथी दांत के लिये प्रति किलो 50 हजार रुपये मिलते हैं. जबकि ओड़िशा में 40 हजार मिलते हैं, लेकिन अंतराष्ट्रीय स्तर पर हाथी दांत की कीमत लाखों में होगी.
वन विभाग हाथी दांतों को भेज देता है म्यूजियम : डीएफओ ने बताया कि मृत हाथी के दांतों को वन विभाग जब्त करने के बाद म्यूजियम में भेज देता है. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग अमूमन हाथियों का शिकार नहीं करते इसलिए बाहर से शूटर बुलाया गया. था. उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रामीण क्षेत्रों में अगर बाहरी लोग दिखें तो उन पर नजर रखें और पुलिस व वन विभाग को सूचित करें.
मामले का सूत्रधार कृष्णा
पूरे मामले का सूत्रधार कृष्णा बिरुवा बताया जा रहा है. उसने पूर्णचंद्र कुंकल के साथ योजना बनायी थी, जिसके बाद अरुणाचल जाकर शूटर को लाया. शूटर तीन दिनों तक पांगा गांव में ठहरा. इस बीच कृष्णा व विनोद ने ओड़िशा जाकर जशीपुर निवासी अब्दुल माजिद को दांत खरीदने को तैयार किया. दाम तय होने पर हाथी का शिकार किया.
5 हाथी मार चुका है कुंकल
पूर्णचंद्र कुंकल ने पूछताछ में बताया कि वह पहले से हाथी दांत के कारोबार से जुड़ा है और काफी पहले वह पांच हाथियों को मारकर दांत बेच चुका है, हालांकि इस घटना में शामिल अन्य ने पहली बार हाथी का शिकार किया. ओड़िशा में पकड़ाये हाथी दांत तस्करों से उनका गैंग अलग था. वहां भी अरुणाचल से ही शूटर बुलाया गया था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola