जनभागीदारी से ही संभव है जल संरक्षण : उपायुक्त

Published at :09 May 2026 9:30 PM (IST)
विज्ञापन
जनभागीदारी से ही संभव है जल संरक्षण : उपायुक्त

जनभागीदारी से ही संभव है जल संरक्षण : उपायुक्त

विज्ञापन

सिमडेगा. ठेठईटांगर प्रखंड के बंबलकेरा पंचायत भवन परिसर के समीप भूमि संरक्षण कार्यालय द्वारा जल संचयन व भू-जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुआ. इसमें उपायुक्त कंचन सिंह मुख्य रूप से उपस्थित हुईं. ग्रामीणों ने उपायुक्त का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए हस्तनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट किया. उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गयी है. जिला समेत पूरे क्षेत्र में लगातार जल स्तर नीचे जा रहा है, जिससे कई स्थानों पर बोरवेल व जलमीनार सूखने की स्थिति उत्पन्न हो रही है. कहा कि यदि अभी से जल संरक्षण व जल संचयन को लेकर पहल नहीं की गयी, तो आने वाले समय में जल संकट और गहरा सकता है. उपायुक्त ने ग्रामीणों को पुराने पारंपरिक जल संरक्षण के तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पूर्वजों द्वारा अपनायी जाने वाली विधियां आज भी उपयोगी हैं. पहाड़ी ढलानों पर पत्थर व मिट्टी की मेढ़ बना कर वर्षा जल को रोकना, खेतों की मजबूत मेढ़बंदी करना, छोटे-छोटे डोभा व बोरा बांध का निर्माण करना, गांव के तालाबों एवं जलस्रोतों की साफ-सफाई करना तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाना भू-जल स्तर बढ़ाने में अत्यंत सहायक होगा. उन्होंने सभी ग्रामीणों से जून माह में प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 10 पौधे लगाने का आह्वान किया. उपायुक्त ने कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए बाल विवाह रोकने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु की बेटियों व 21 वर्ष से कम आयु के लड़कों का विवाह नहीं करायें. उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहन कर वाहन चलाने की अपील की. मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष कम वर्षा की संभावना व्यक्त किये जाने के संदर्भ में उपायुक्त ने किसानों को कम पानी में होने वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी. कार्यक्रम में भूमि संरक्षण पदाधिकारी विल्सन आनंद कुजूर ने जल संरक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी. जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो ने किसानों को कम वर्षा में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों की खेती करने की सलाह दी. कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल विभाग द्वारा बंबलकेरा पंचायत के दो जलमीनारों के समीप सोख्ता टैंक निर्माण कार्य का शुभारंभ उपायुक्त ने किया. उन्होंने ग्रामीणों से प्रत्येक जलमीनार के पास तीन से चार फीट गहरा सोख्ता गड्ढा बनाकर पानी को जमीन में समाहित करने की अपील की. मौके पर कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, बीडीओ नूतन मिंज आदि उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola