ePaper

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का सिमडेगा में हुआ स्वागत

Updated at : 03 Jan 2026 10:37 PM (IST)
विज्ञापन
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का सिमडेगा में हुआ स्वागत

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का सिमडेगा में हुआ स्वागत

विज्ञापन

सिमडेगा. झारखंड क्रिकेट टीम ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती. जीत के इस जश्न को हर जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों व क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंचाने के लिए जेएससीए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को हर जिले तक ले जाया जा रहा है. इस क्रम में शनिवार को ट्रॉफी सिमडेगा पहुंची, जहां इस ट्रॉफी के जीतने वाली टीम के मैनेजर सह सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक श्रीराम पुरी के नेतृत्व में इसका भव्य स्वागत किया गया. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को समाहरणालय के पास से स्कॉट करते हुए परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम लाया गया, जहां मौजूद दर्जनों क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपने बल्ले आगे कर इसका अभिनंदन करते हुए स्वागत किया. इसके बाद झारखंड क्रिकेट टीम के मैनेजर श्रीराम पुरी द्वारा यह ट्रॉफी डीसी सिमडेगा कंचन सिंह के हाथों में सौंपा गया. सिमडेगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में अलबर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के स्वागत समारोह में डीसी सिमडेगा ने इस ट्रॉफी को सिमडेगा जिला लाने पर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के साथ झारखंड टीम के मैनेजर का अभिवादन किया. जिले के सभी क्रिकेट खिलाड़ियों को इस तरह अन्य ट्रॉफी भी जीत कर सिमडेगा लाने की बात कही. उन्होंने कहा कि जल्द सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन को एक अच्छे क्रिकेट स्टेडियम के लिए जमीन जिला प्रशासन मुहैया करायेगा, जिससे यहां के क्रिकेट खिलाड़ियों को खेलने में सुविधा मिल सके और हॉकी की तरह सिमडेगा क्रिकेट में भी अपना नाम बुलंद करे. इससे पूर्व सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सभी अतिथियों को मोमेंटो व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया. सिमडेगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पूरी ने सभी का स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पाकरटांड़ व ठेठईटांगर प्रखंड में क्रिकेट के लिए जमीन चिह्नित की गयी है, जिसे जल्द भौतिक निरीक्षण कर चयन किया जायेगा. इसके बाद जमीन झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को स्टेडियम बनाने के लिए सौंपी जायेंगी. कार्यक्रम के दौरान सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के झारखंड टीम मैनेजर श्रीराम पुरी ने बताया कि उन्होंने टीम मैनेजर की जिम्मेदारी निशुल्क निभायी है, जिसका लोगों ने स्वागत किया. रांची से ट्रॉफी लेकर सिमडेगा आये जेएससीए के बोर्ड सदस्य मिहिर प्रीतेश टोपनो ने बताया कि जेएससीए हर जिलों के क्रिकेट खिलाड़ियों के हौसले बढ़ाने के उद्देश्य से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को सभी जिलों तक ले जाने का काम कर रही है. मौके पर जेएससीए के कई सदस्य, सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी, सदस्य, विभिन्न क्लब के खिलाड़ी, अग्निवीर प्रशिक्षण ले रहे युवा और सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola