सिमडेगा: घरेलू विवाद में पिता की हत्या, आरोपी पुत्र गिरफ्तार

फोटो मामले की जानकारी देते डीएसपी रनवीर सिंह | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के रेंगारीह थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सिमडेगा: घरेलू विवाद के दौरान पिता की हत्या करने के मामले में रेंगारीह थाना पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. डीएसपी रनवीर सिंह ने बताया कि 24 जुलाई की रात करीब आठ बजे रेंगारीह थाना क्षेत्र के चिडरा टोली गांव में खाना बनाने को लेकर एक्सन मिंज और उसकी बहन यशवंती मिंज के बीच कहासुनी हो रही थी.
इसी दौरान पिता मिखैल मिंज (52) दोनों को समझाने और विवाद शांत कराने पहुंचे. आरोप है कि गुस्से में आकर एक्सन मिंज ने बांस के डंडे से अपने पिता के सिर और शरीर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल मिखैल मिंज को 25 जुलाई को सदर अस्पताल, सिमडेगा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 27 जुलाई को उनकी मौत हो गई. मृतक के भतीजे फुलजेम्स मिंज के लिखित फर्दबयान के आधार पर रेंगारीह थाना कांड संख्या 09/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के अंतर्गत 28 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी एक्सन मिंज (25) को 28 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बुधवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










