'पापा... प्लीज नीचे आ जाओ'... मासूम की गुहार नहीं सुनी पिता , पानी की टंकी से लगा दी छलांग, रोता रह गया बेटा

Updated:
विज्ञापन
पानी की टंकी में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

पानी की टंकी में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

UP News: सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ नशे में एक युवक पत्नी से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसके पांच साल के बेटे की रोती हुई पुकार 'पापा... प्लीज नीचे आ जाओ' भी उसे नीचे नहीं ला सकी।

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. पत्नी से विवाद के बाद एक युवक शराब के नशे में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया. नीचे पुलिस, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि घंटों तक उसे समझाते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ. सबसे भावुक पल तब आया, जब उसका महज पांच साल का बेटा पुलिस के माइक से बार-बार रोते हुए कहता रहा, "पापा... प्लीज नीचे आ जाओ." मासूम की यह पुकार सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं, लेकिन आखिरकार यह कोशिश नाकाम रही और युवक टंकी के अंदर गिर गया. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई.

पत्नी से विवाद के बाद टंकी पर चढ़ गया युवक

पूरा मामला सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित पेपर मिल रोड की कांशीराम कॉलोनी का है. जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय शुभम पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी वहां इकट्ठा हो गए. सभी ने मिलकर शुभम को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की. करीब तीन से चार घंटे तक पुलिस लगातार माइक के जरिए उसे समझाती रही. उसे भरोसा दिलाया गया कि नीचे उतर आए, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ.

'पापा... नीचे आ जाओ' कहता रहा मासूम बेटा

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला, जब शुभम के पांच वर्षीय बेटे को पुलिस ने माइक दिया. मासूम बार-बार रोते हुए अपने पिता से कहता रहा, "पापा... नीचे आ जाओ." बेटे की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं. हर कोई यही उम्मीद कर रहा था कि शायद बच्चे की पुकार सुनकर शुभम नीचे उतर आएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभम पहले भी दो-तीन बार शराब के नशे में इसी तरह पानी की टंकी पर चढ़ चुका था. इस वजह से लोग उसे समझाने की पूरी कोशिश करते रहे.

अचानक टंकी में गिरा, मौके पर मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि देर शाम अचानक शुभम का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी की टंकी के अंदर गिर पड़ा. यह दृश्य देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और अन्य लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.

पत्नी ने क्या कहा?

मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि दोनों के बीच पहले ही लिखित समझौता हो चुका था और वह कई वर्षों से अलग रह रही थीं. उनका कहना है कि शुभम अक्सर शराब के नशे में इस तरह की हरकतें करता था. यही वजह थी कि परिवार लंबे समय से उससे अलग रह रहा था.

नगर निगम पर भी उठे सवाल

घटना के बाद पूर्व पार्षद प्रदीप उपाध्याय ने नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि अगर पानी की टंकी के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो शायद इस दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था.

पुलिस क्या बोली?

सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने कई घंटों तक युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की. लगातार समझाने के बावजूद वह नहीं माना. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और यदि परिजन कोई शिकायत देते हैं, तो उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. एक तरफ बेटे की मासूम पुकार लोगों को भावुक कर रही है, तो दूसरी ओर यह हादसा नशे और पारिवारिक विवाद के गंभीर परिणामों की ओर भी इशारा करता है.

Also Read: हरदोई में रिश्तों का खौफनाक अंत! दो जीजा से अवैध संबंध में थी पत्नी, पति की हत्या का राज सबको चौंकाया


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola