राष्ट्रीय जूनियर हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम घोषित, खिलाड़ियों को मिला खेल किट

Updated:
विज्ञापन
सिम 24 | Prabhat Khabar Network

झारखंड की 18 सदस्यीय टीम घोषित| Prabhat Khabar Network

16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 18 सदस्यीय झारखंड टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम 28 जुलाई से कोयंबटूर में अपना दमखम दिखाएगी।

विज्ञापन

सिमडेगाः 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए 18 सदस्यीय झारखंड टीम की घोषणा कर दी गई है. यह प्रतियोगिता 28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होगी. टीम की घोषणा सोमवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम के सभागार में की गई. इस मौके पर चयनित खिलाड़ियों के बीच खेल किट का वितरण भी किया गया.

टीम चयन की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की गई. 22 जून को आयोजित ओपन चयन ट्रायल से 42 खिलाड़ियों का चयन किया गया. इसके बाद 15 से 19 जुलाई तक आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर के आधार पर 23 खिलाड़ियों का चयन हुआ. इन खिलाड़ियों का 20 जुलाई से अंतिम प्रशिक्षण शिविर चला, जिसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए अंतिम टीम में जगह मिली.

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा तथा उपाध्यक्ष अशोक भगत ने खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की और उन्हें शुभकामनाएं दीं.

असरिता लकड़ा ने कहा कि अब टीम चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो गई है. खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, समय पर टिकट, आवश्यक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण खेल किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया. महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि हॉकी झारखंड खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है. अब खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित करें.

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का पहला मुकाबला 2 अगस्त को पंजाब और दूसरा मुकाबला 3 अगस्त को दिल्ली से होगा. झारखंड टीम (18 सदस्यीय): अनमोल कोंगारी, गंगा टोपनो, टिंटस हेमरोम, पत्रस हस्सा, सुजीत केरकेट्टा, साबियन किरो, साइमन डोडराय, प्रिंस साहू, अमन टिग्गा, रोहित तिर्की, घुरन लोहरा, ग्लेडशन भेंगरा, जोलेन टोपनो, निकोलस टोपनो, अंकित एक्का, विजय भोई, असिम एक्का एवं अंकित बरवार.

सपोर्ट स्टाफ: कोच- विकास जोशी, मैनेजर- सुमित बाथम, फिजियो- साइकत भट्टाचार्य और वीडियो एनालिस्ट- सत्यजीत दाभी.

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महानिदेशक विजय शंकर सिंह, झारखंड कुश्ती संघ के सचिव रजनीश कुमार सहित खेल विभाग के पदाधिकारियों ने भी टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं.


विज्ञापन
Ravikant

लेखक के बारे में

By Ravikant

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola