लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें : उपायुक्त
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 18 Jun 2025 10:26 PM
लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें : उपायुक्त
सिमडेगा. उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उवि सह इंटर कॉलेज, सामटोली में मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त कंचन सिंह उपस्थित थीं. विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर सबीना तिग्गा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ा कर उपायुक्त का स्वागत व सम्मान किया. छात्राओं ने प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. समारोह के दौरान टॉप 10 में स्थान प्राप्त छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और जीवन में लक्ष्य निर्धारण तथा सतत परिश्रम के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि कठिन परिश्रम और शिक्षा के बल पर ही वे आइएएस अधिकारी बन सकीं. उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए लगन और अनुशासन के साथ कार्य करें. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित करने की परंपरा सराहनीय है, जिससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलती है. जिन छात्रों का प्रदर्शन इस बार अपेक्षित नहीं रहा, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है. वे आनेवाले समय में मेहनत कर सफलता प्राप्त कर सकते हैं. उपायुक्त ने शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, व्यवहार और अनुशासन को भी जीवन में आवश्यक बताया. इस अवसर पर सिस्टर फुलरीदा डुंगडुंग, हाई स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर बेर्नादेत कुजूर, विद्यालय के शिक्षक, छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










