धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन गंभीर : डीसी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 15 Oct 2025 9:27 PM
जिला प्रशासन व मिशनरियों की बैठक
जिला प्रशासन व मिशनरियों की बैठक सिमडेगा. जिले में हाल के दिनों में धार्मिक स्थलों पर घटित घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. मंगलवार को जिला समाहरणालय के सभागार में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक गई. अध्यक्षता उपायुक्त कंचन सिंह ने की. इसमें विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, एसपी एम अर्शी के साथ ईसाई मिशनरियों से जुड़े पुरोहित, विभिन्न चर्चों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में स्थित धार्मिक स्थलों विशेषकर चर्चों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और सुदृढ़ीकरण था. बैठक में पिछले दिनों बोलबा थाना के एक चर्च में हुई डकैती की घटना और हाल ही में तुमडेगी चर्च में घटी घटना पर विस्तार से चर्चा की गयी. पुरोहितों ने इस बात पर चिंता जतायी कि तुमडेगी कांड में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की, ताकि दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके. एसपी एम अर्शी ने पुलिस की ओर से अब तक की गयी जांच और कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल सभी लोगों को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तार किया जायेगा. बैठक में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी, जिसमें प्रमुख रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना शामिल हैं. मिशनरियों व पुरोहितों ने बताया कि कई चर्चों में अब सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे है, ताकि किसी अप्रिय घटना की निगरानी और जांच में आसानी हो सके. उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन सभी धर्मस्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है. पुलिस बल को नियमित गश्ती व निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर हुई घटना को लेकर शांतिपूर्ण माहौल बनाये रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. बैठक का समापन आपसी सहयोग और सामुदायिक सद्भाव बनाये रखने के संदेश के साथ हुआ.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










