कोलेबिरा में पत्थर का अवैध खनन जारी, विभाग उदासीन

कोलेबिरा में पत्थर का अवैध खनन जारी, विभाग उदासीन
कोलेबिरा. कोलेबिरा प्रखंड के कंजोगा मौजा में पत्थर का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है. प्रतिदिन ट्रैक्टर व हाइवे से तोड़े गये पत्थरों को तस्करों के इधर से उधर भेजा जा रहा है. अवैध खनन के कारण जहां एक ओर पर्यावरण पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है. वहीं दूसरी ओर प्रतिदिन सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है. इसके बावजूद खनन विभाग के पदाधिकारी हाथ में हाथ धरे बैठे हैं. अवैध खनन के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अगर उक्त लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो उन्हें डराया व धमकाया जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि अहले सुबह से पत्थर तोड़ने का कार्य जारी हो जाता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है. जानकारी के अनुसार हरिजनटोली व कंजोगा मौजा में 20 एकड़ से अधिक क्षेत्रों में प्रतिदिन खनन की जा रही है. शुक्रवार को प्रखंड के कुछ मीडिया कर्मियों द्वारा अवैध खनन क्षेत्र में समाचार संकलन के लिए तस्वीर ली गयी, तो अवैध खनन करा रहे लोगों ने कहा कि अखबार जितना भी छाप लो, हमलोगों का कुछ नहीं होने वाला. दो से तीन दिन खनन बंद होगा और फिर चालू हो जायेगा. इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि सुनील खड़िया ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य के पदाधिकारी सरकार को बदनाम करने में लगे हुए हैं. यह अवैध कार्य पदाधिकारी के मिली भगत से हो रही है. खनन विभाग के पदाधिकारी के द्वारा प्रतिदिन अवैध बालू की धर पकड़ की जा रही है और कार्रवाई की जा रही है. किंतु पत्थर खनन के संबंध में पदाधिकारी क्यों कार्रवाई नहीं करते. प्रतिदिन भारी मात्रा में पत्थर खनन किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व की क्षति उठानी पड़ रही है. कांग्रेस पार्टी के कार्यालय सचिव जेम्स पी केरकेट्टा ने कहा कि सरकारी संपत्ति का अवैध खनन करना कानूनन अपराध है. सरकार द्वारा अवैध खनन रोकने के लिए पदाधिकारी व कर्मियों की नियुक्ति की गयी है. इसके बावजूद भारी मात्रा में अवैध खान किया जा रहा है. यह विभाग के मिली भगत से हो रहा है. सरकार को इस और ध्यान देने की आवश्यकता है. भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक इंदवार ने कहा कि जब से राज्य में इंडिया गठबंधन की सरकार बनी है. राज्य में अधिकारी काफी तेजी से फलफूल रहे हैं और राज्य सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है. कंजोगा मौजा क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध खनन लोगों द्वारा किया जाता है, जिससे राज्य सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश बागे ने कहा कि कोलेबिरा प्रखंड में भारी मात्रा में पत्थर अवैध खनन हो रहा है. जिले के खनन विभाग के पदाधिकारी सभी मिले हुए हैं. यह पदाधिकारी सरकार को बदनाम करने पर तुले हैं. राज्य सरकार पूरी तरह अवैध खनन के खिलाफ है. अवैध खनन पूरे प्रखंड में पूरी तरह बंद होना चाहिए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




