अधिकारियों ने बंदियों से बात कर ली जानकारी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 11 Sep 2025 10:47 PM
मंडल कारा में विशेष जांच अभियान चला
सिमडेगा. सुकन्या संस्था बनाम यूनियन ऑफ इंडिया एवं अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट के पारित आदेशों तथा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में सिमडेगा मंडल कारा में गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जेल में बंदियों के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है. यह संयुक्त जांच अभियान सिमडेगा जिले के वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में संचालित हुआ. जांच दल का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने किया. उनके साथ पुलिस अधीक्षक एम अर्शी, प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सूरजमणि कुमारी समेत अन्य अधिकारी शामिल थे. जांच दल ने मंडल कारा में प्रत्येक बंदी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनसे विस्तृत जानकारी ली. बंदियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि जेल में उनके साथ समान व्यवहार किया जाता है. बंदियों ने बताया कि भोजन, पढ़ाई-लिखाई और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता. सभी बंदी सामूहिक रूप से भोजन करते हैं, अध्ययन कक्ष में एक साथ पढ़ते हैं और आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करते हैं. जांच के दौरान अधिकारियों ने मंडल कारा में बंदियों की व्यक्तिगत जानकारी से संबंधित बंदी पुस्तिका का निरीक्षण किया. बंदियों से जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध है, तो उन्होंने बताया कि उनके पास अपने-अपने वकील हैं, जो उनके मामलों की पैरवी कर रहे हैं. इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा नियुक्त विजिटर अधिवक्ता नियमित रूप से जेल आते हैं और बंदियों से मुलाकात कर उन्हें कानूनी सलाह व सहायता प्रदान करते हैं. जांच अभियान के बाद त प्रधान जिला जज, एसपी तथा अन्य अधिकारियों ने मंडल कारा की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के साथ संवेदनशीलता, समानता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ व्यवहार किया जा रहा है, जो सराहनीय है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










