योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचायें : डीसी

Published at :08 May 2026 10:53 PM (IST)
विज्ञापन
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचायें : डीसी

बानो प्रखंड का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य व योजनाओं की स्थिति का लिया जायजा

विज्ञापन

सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह ने बानो प्रखंड का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य व सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उपायुक्त ने राजकीय उत्क्रमित मवि बानो, एसएस प्लस टू उवि बानो, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र मुस्लिम बस्ती, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बानो तथा जनजातीय कल्याण ग्रामीण अस्पताल का निरीक्षण किया. सबसे पहले उपायुक्त राजकीय उत्क्रमित मवि बानो पहुंचीं, जहां उन्होंने छात्रों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली. कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से संविधान की प्रस्तावना सुनाने का आग्रह किया, जिस पर बच्चों ने सामूहिक रूप से प्रस्तावना प्रस्तुत किया. उपायुक्त ने विद्यालय पुस्तकालय का निरीक्षण कर प्रधानाध्यापक को सप्ताह में कम से कम दो दिन बच्चों को पुस्तकालय में बैठा कर अध्ययन कराने के लिए रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने मध्याह्न भोजन कक्ष का निरीक्षण कर बच्चों को दिये जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची. उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक व्यवहार विकसित करने का माध्यम भी है. उपायुक्त ने जनजातीय कल्याण ग्रामीण अस्पताल, बानो का निरीक्षण किया. उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, मेल व फीमेल वार्ड का जायजा लेते हुए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा उपकरणों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए. उन्होंने सिविल सर्जन, एमओआइसी बानो व परियोजना निदेशक आइटीडीए को आपसी समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव कम करने के लिए जनजातीय कल्याण ग्रामीण अस्पताल को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाये. अस्पताल में उपलब्ध स्टाफ और मेडिकल उपकरणों का समुचित उपयोग करते हुए ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र मुस्लिम बस्ती के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों की उपस्थिति, पोषण ट्रैकर एप में दर्ज विवरण और केंद्र संचालन की स्थिति की जानकारी ली. वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बानो में मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य कक्ष, प्रसव कक्ष, ओपीडी तथा कुपोषण उपचार केंद्र का निरीक्षण किया. एमटीसी में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं से मिल कर उन्होंने उपचार और पोषण संबंधी जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि डिस्चार्ज के बाद भी बच्चों की नियमित फॉलोअप मॉनिटरिंग की जाये, ताकि जिले का कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे. निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में एक महिला द्वारा जुड़वा बेटियों को जन्म देने की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने महिला को बधाई दी और केक काट कर खुशी साझा की. उपायुक्त ने एसएस प्लस टू उवि बानो का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से डिजिटल शिक्षा, खेल गतिविधियों और कौशल विकास को लेकर संवाद किया. दौरे के अंत में उन्होंने प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण कार्य की समीक्षा की. निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदक और जेई को फटकार लगायी तथा कार्य को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. मौके पर सिविल सर्जन, परियोजना निदेशक आइटीडीए, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बानो समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola