ऊपरपाठ में अवैध बॉक्साइट उत्खनन पर छापेमारी, एक ट्रक जब्त

ऊपरपाठ में अवैध बॉक्साइट उत्खनन पर छापेमारी, एक ट्रक जब्त
बिशुनपुर. बिशुनपुर के ऊपरपाठ क्षेत्र में एक बार फिर अवैध बॉक्साइट उत्खनन का मामला सामने आया है. मंगलवार की रात गुमला और लोहरदगा प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन ट्रक मौजूद थे, लेकिन अंधेरे का फायदा उठा कर दो ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गये, जबकि एक ट्रक को प्रशासन ने जब्त कर लिया. जब्त ट्रक को नेतरहाट फॉरेस्ट रेंज कार्यालय में रखा गया है. सूत्रों के अनुसार ऊपरपाठ क्षेत्र में कथित रूप से हनीफ मियां नामक बॉक्साइट माफिया लंबे समय से अवैध उत्खनन करा रहा था. अवैध रूप से निकाले गए बॉक्साइट को छत्तीसगढ़ के चालान के सहारे कुर्मगढ़ मार्ग के रास्ते बाहर भेजे जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी. इस आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. छापेमारी की खबर फैलते अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में समय-समय पर अवैध बॉक्साइट खनन बढ़ जाता है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होता है. साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत खराब हो रही है और पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है. नेतरहाट रेंज के फॉरेस्टर विजय कुमार ने बताया कि जब्त ट्रक के कागजातों की जांच की जा रही है.
नहाने गये व्यक्ति का नदी में मिला शव
सिसई. प्रखंड अंतर्गत पुसो थाना क्षेत्र के अरको महुआटोली गांव निवासी 55 वर्षीय रूसवा उरांव की बुधवार को नदी में डूबने से मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि रूसवा सुबह करीब 10 बजे नहाने के लिए अकेले ही गांव के कुछ दूरी पर बहने वाली आकरी नदी गयी थी. बाद में ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता देख कर पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची, तो नदी एक शव देखा. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नदी से निकलवाया. उसकी पहचान गांव के ही रूसवा उरांव के रूप में की गयी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी मोहम्मद जहांगीर खान ने बताया कि नदी से मृतक का कपड़ा व नहाने का साबुन मिला है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




