43 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

तीन पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, दो कार व कई मोबाइल बरामद
सिमडेगा. जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सूचना के आधार पर ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने लगभग 43 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान तीन पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, दो कार व कई मोबाइल बरामद किये गये हैं. गिरफ्तार अपराधियों का संबंध बिहार और ओड़िशा से बताया गया. जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक सिमडेगा को सूचना मिली थी कि ओड़िशा के बलांगीर से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक स्विफ्ट डिजायर कार (ओडी-15एक्स-4060) रांची की ओर जा रही है. यह भी बताया गया था कि वाहन में सवार अपराधियों के पास अवैध हथियार भी हैं. सूचना के बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह एवं एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना पर पुलिस ने ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टुकुपानी स्कूलटोली के समीप संदिग्ध वाहन को रोक कर तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन की सीट के अंदर बनाये गये गुप्त कैबिनेट से 76 पैकेट में रखा कुल 42.990 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. मौके से दुर्गेश कुमार सिंह उर्फ डिंपल महतो व दीपेश सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि दुर्गेश कुमार सिंह की तलाशी में एक ऑटोमेटिक पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद हुए. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम बताये, जिसके आधार पर अभिषेक राय व ओड़िशा के गांजा सप्लायर उछवा प्रधान उर्फ उछवा दादा को भी गिरफ्तार किया गया. जांच में यह भी सामने आया कि दूसरी स्विफ्ट डिजायर कार (जेएच-0इक्यू-5615) से आरोपी गांजा लदे वाहन को एस्कॉर्ट कर रहे थे. पुलिस ने अभिषेक राय की निशानदेही पर घटनास्थल के समीप पहाड़ी झाड़ियों से दो और पिस्टल तथा दो मैगजीन बरामद की. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह पूर्व में भी कई बार इस रास्ते से गांजा की खेप बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में पहुंचा चुके हैं. इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में भोजपुर बिहार निवासी दुर्गेश कुमार सिंह उर्फ डिंपल महतो, दीपेश सिंह, अभिषेक राय तथा बलांगीर ओड़िशा निवासी उछवा प्रधान उर्फ उछवा दादा शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं. छापेमारी दल में एसडीपीओ बैजू उरांव, ठेठईटांगर थाना प्रभारी नवीन कुमार, जयकांत राय, सिमडेगा थाना प्रभारी संजीत कुमार, बांसजोर ओपी प्रभारी दीपेश कुमार, रामनाथ राम, संतोष कुमार महतो समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










