बेहतर पोषण पर निर्भर करता है बच्चों का संपूर्ण विकास : डीसी

जीवन परियोजना का उदघाटन
सिमडेगा. महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जीवन परियोजना का उदघाटन समाहरणालय के सभागार में किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरजमुनी कुमारी ने बताया कि जीवन परियोजना का मुख्य उद्देश्य जिले में समाज कल्याण अंतर्गत संचालित कार्यों को आवश्यक सहयोग प्रदान करना व बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना है. यह परियोजना विशेष रूप से भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और विविधता पर ध्यान केंद्रित करेगी. साथ ही पोषण अभियान 2.0, आंगनबाड़ी सेवाओं समेत अन्य गतिविधियों की प्रगति को पोषण ट्रैकर में अद्यतन करने हेतु तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी. उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय और सामुदायिक सहभागिता इस परियोजना को सफल बनाने में कारगर साबित होगा. उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि बच्चों का संपूर्ण विकास उनके बेहतर पोषण पर निर्भर करता है. उन्होंने जोर दिया कि चाहे सरकारी विभाग हों या समाजसेवी संस्थाएं, सभी को मिलकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुपोषण केवल आर्थिक स्थिति से नहीं जुड़ा होता है, बल्कि कई बार जानकारी के अभाव में भी लोग उचित पोषण से वंचित रह जाते हैं. उपायुक्त ने कहा कि कुपोषण दूर करने के लिए पूरी कम्युनिटी को जागरूक करना होगा. उन्होंने पोषण अभियान के तहत संचालित कार्यों की सही एवं समयबद्ध डेटा इंट्री सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया और सभी संबंधित अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया. मौके पर राज्य स्तर से श्रीमती तन्वी झा एवं अनिता सिन्हा, जेएसएलपीएस के शांति मार्डी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं व कर्मी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




