संघर्ष और मेहनत से दानिश बने जिला टॉपर

सिलाई की दुकान में पिता का हाथ बंटाते हुए इंटर कॉमर्स में हासिल किए 84.60 प्रतिशत अंक
जलडेगा. प्रखंड के पीएमश्री एसएस प्लस टू उवि जलडेगा के छात्र दानिश अख्तर ने इंटरमीडिएट परीक्षा के वाणिज्य संकाय में 423 अंक (84.60 प्रतिशत) प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. उनकी सफलता से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. दानिश की उपलब्धि केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि संघर्ष, जिम्मेदारी और मेहनत की प्रेरणादायक मिसाल भी है. पढ़ाई के साथ-साथ वह अपने पिता मुमताज अली की कपड़े सिलाई की दुकान में हाथ बंटाते थे. दिनभर काम करने के बावजूद उन्होंने देर रात तक पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा. दानिश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षिका निशा सना डुंगडुंग को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार का विश्वास और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनकी सबसे बड़ी ताकत रही. मां अख्तरी खातून ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उसकी मेहनत रंग लायी है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक सोमनाथ व शिक्षकों ने दानिश को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी. दानिश का सपना चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










