प्रशासन विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध : उपायुक्त

सिमडेगा जिला की रजत जयंती समारोह संपन्न
सिमडेगा. सिमडेगा जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती समारोह नगर भवन में भव्य रूप से संपन्न हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र तथा नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया. इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, चेंबर ऑफ कॉमर्स, मीडिया प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे. उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा जिले के 25 वर्ष पूरे होना केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जन आकांक्षाओं, संघर्षों और सामूहिक प्रयासों की सफलता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जिले का निर्माण आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होता है. बीते वर्षों में जिले ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने सिमडेगा की सांस्कृतिक विविधता को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यहां विभिन्न धर्म, भाषा और परंपराओं के लोग भाईचारे के साथ रहते हैं. भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद प्रशासन विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले की एक छात्रा ने मैट्रिक परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिसका पूरा शैक्षणिक खर्च वे व्यक्तिगत रूप से वहन करेंगी. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि यह अवसर गर्व व संकल्प का है. जिले के विकास के लिए सुदृढ़ विधि-व्यवस्था आवश्यक है और सिमडेगा पुलिस ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है. उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने इसे जिले की साझा पहचान, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव बताया. इधर, कार्यक्रम की शुरुआत सिमडेगा साहित्य सभा की साहित्यिक प्रस्तुतियों से हुई. इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. मौके पर मैट्रिक परीक्षा 2026 में 498 अंक प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान हासिल करने वाली शिवांगी कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. इसके अलावा टॉप टेन में शामिल 13 विद्यार्थियों तथा सीबीएसइ दसवीं के टॉप पांच छात्र-छात्राओं स्नेहा कुमारी, प्रिंस कुमार ठाकुर, उमर अली, ममता कुमारी और अलमा कुमारी को भी सम्मानित किया गया. वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता, वुशु, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी और मिनी मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गयी. साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के नवनियुक्त शिक्षकों व कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिये गये. बेहतर कार्य करने वाले जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










