Seraikela Kharsawan News : नशापान व यातायात नियमों का उल्लंघन दोनों ही जानलेवा : विनय कुमार सिंह

Updated:
विज्ञापन
Seraikela Kharsawan News : नशापान व यातायात नियमों का उल्लंघन दोनों ही जानलेवा : विनय कुमार सिंह

सीनी. नशापान और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक कर रही पुलिस

विज्ञापन

सीनी . नशा आज समाज को दीमक की तरह खोखला कर रहा है. नशे की लत में फंसे युवा अपना सुनहरा भविष्य तो बर्बाद कर ही रहे हैं, साथ ही देश के मानव संसाधन को भी भारी क्षति पहुंच रही है. इसका दुष्परिणाम केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इसकी मार झेलता है. नशे के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जो चिंता का विषय है. इन गंभीर समस्याओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से एक नयी पहल की गयी है. इसी क्रम में सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में ओपी पुलिस की ओर से लोगों को नशापान और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है.

सुदूरवर्ती गांवों में जागरुकता अभियान

पुलिस टीम की ओर से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार दौरा कर लोगों को अफीम की खेती न करने, अवैध शराब की चुलाई व बिक्री से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है. वहीं महिला समितियों के माध्यम से गांवों में शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास करने को लेकर महिलाओं को प्रेरित किया जा रहा है. मुख्य सड़कों पर वाहन जांच अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है.

नशापान से टूट रहे परिवार

ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि नशापान और यातायात नियमों का उल्लंघन दोनों ही जानलेवा हैं. नशापान से कई गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा रहता है, जिससे नशा करने वाले व्यक्ति की जान भी जा सकती है. यह पारिवारिक हिंसा का भी बड़ा कारण बनता है और परिवार को पूरी तरह बिखेर देता है. वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें जान-माल दोनों की क्षति होती है. उन्होंने कहा कि किसी एक सदस्य की मौत का असर पूरे परिवार को जीवन भर झेलना पड़ता है.

खुशहाल जीवन के लिए नियमों का पालन जरूरी

ओपी प्रभारी ने कहा कि खुशहाल और सुरक्षित जीवन के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है, चाहे वह दैनिक जीवन के नियम हों या सड़क पर चलने के दौरान यातायात नियम. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशापान से हमेशा दूर रहें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चौपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार को भी सुरक्षित रखा जा सके.

प्रतिदिन गांव जाकर लोगों को कर रहे जागरूक :

पुलिस प्रतिदिन की गश्ती के साथ-साथ ओपी क्षेत्र के किसी न किसी गांव का दौरा कर ग्रामीणों को नशापान और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं. इस दौरान गांव के ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी नशापान से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है.

विज्ञापन
Atul Pathak

लेखक के बारे में

By Atul Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola