इस मुख्य मार्ग को ह्यूम पाइप रखकर ग्रामीणों ने किया जाम, भारी वाहनों का परिचालन बंद
सड़क पर ह्यूम पाइप रखकर जाम करते ग्रामीण.
राजनगर-सरायकेला मुख्य मार्ग की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग को लेकर भारी वाहनों का परिचालन रोककर प्रदर्शन किया. जानें पूरी खबर.
राजनगर : राजनगर-सरायकेला मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति से परेशान सारंगपोसी गांव के ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा. ग्रामीणों ने सुबह करीब आठ बजे सड़क मरम्मत की मांग को लेकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. इस दौरान सड़क पर ह्यूम पाइप रखकर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मरम्मत होने तक छोटी गाड़ियों को छोड़कर भारी वाहनों का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा.
निर्माण के छह माह बाद ही खराब हो गई सड़क
जानकारी के अनुसार, इस सड़क का निर्माण साउथ ईस्ट कंपनी ने कराया था, लेकिन निर्माण के छह माह बाद ही सड़क खराब होने लगी. कई बार मरम्मत भी करायी गई, लेकिन सड़क की स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ.
तितिरबिला से राजनगर तक जर्जर है सड़क
तितिरबिला से राजनगर के बीच सड़क सबसे अधिक जर्जर हो चुकी है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों का कहना है कि कई दोपहिया चालक गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









