सरायकेला के नये बस स्टैंड और पार्क में घुसा पानी, खतरे के निशान से 20 फीट ऊपर बह रही खरकई

Updated:
विज्ञापन

उफान पर खरकई नदी

सरायकेला में लगातार हो रही बारिश से खरकई और संजय नदी का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में भरा पानी. जानें जिले में बारिश का ताजा हाल और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति.

विज्ञापन

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में सोमवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. लगातार बारिश के चलते खरकई और संजय नदियां उफान पर हैं. ओडिशा के मयूरभंज में हो रही भारी बारिश के कारण खरकई नदी का जलस्तर सामान्य से करीब बीस फीट ऊपर बह रहा है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.

नया बस स्टैंड और पार्क जलमग्न

नदी का पानी खतरे के निशान को पार करते हुए सरायकेला शहरी क्षेत्र के झुमकेश्वरी स्थान के समीप नए बस स्टैंड तक पहुंच गया है. इसके अलावा, माजनघाट स्थित शिव मंदिर परिसर, उसके पास का पार्क और रिवर व्यू पार्क पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं. पानी के लगातार बढ़ते स्तर से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.

खुली पोल, सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी

भारी बारिश ने शहरी क्षेत्र के विकास दावों की पोल खोल दी है. जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण स्टेडियम रोड और धर्मशाला रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

जलमग्न पार्क
जलमग्न पार्क

कुचाई में सबसे अधिक बारिश, किसानों के खिले चेहरे

जिले में मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा. जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, कुचाई प्रखंड में सबसे अधिक 78.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले का कुल औसत वर्षापात 50.2 मिमी रहा. अगस्त माह में अब तक औसत से अधिक बारिश हो चुकी है. हालांकि शहरी इलाकों में जलभराव से परेशानी बढ़ी है, लेकिन कृषि क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों (धान की खेती) के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

माजनघाट शिव मंदिर के समीप पहुंचा पानी
माजनघाट शिव मंदिर के समीप पहुंचा पानी


विज्ञापन
प्रताप कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola