Saraikela News : चांडिल में बाघ ने बैल व गाय को नोंचा, बछड़े को उठा ले गया, दहशत

नीमडीह के तनकोचा जंगल में जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम
चांडिल/जमशेदपुर.पश्चिम बंगाल से झारखंड में घुसा बाघ वापस लौटने लगा है. इस बीच बाघ ने बुधवार की शाम दलमा तराई क्षेत्र में नीमडीह थानांतर्गत तनकोचा गांव में एक गाय व एक बैल को घायल कर दिया. वहीं, गाय के बछड़े को उठा ले गया. तीनों मवेशी तनकोचा गांव निवासी राजू मांझी का है. ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात को बैल व गाय दौड़ते हुए घर पहुंचे. गाय व बैल के शरीर पर नोंचने के निशान थे. वहीं, एक बछड़ा लापता है. इससे ग्रामीण दहशत में हैं. सूचना मिलने के बाद गुरुवार को वन विभाग की टीम तनकोचा पहुंची. मामले की जानकारी ग्रामीणों से ली. टीम ने जंगल में जाकर बाघ के पंजे का निशान आदि को देखा. टीम ने बताया कि बाघ जिस रास्ते से पश्चिम बंगाल से आया था. उसी रास्ते से पुनः वापस लौट रहा है.
अब बंगाल की ओर लौटेगा बाघ : डीएफओ
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि बाघ फिलहाल जंगल में है. किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा रहा है. वह जिस रास्ते से आया था, उसी रास्ते से लौटेगा. ग्रामीणों को बस सतर्क रहना है.
30 दिसंबर को एक बैल का शिकार किया था
बीते 30 दिसंबर को चौका थाना क्षेत्र के तुलग्राम जंगल में बाघ ने एक बैल का शिकार किया था. बैल का शिकार करते बैल चरा रहे युवक ने पेड़ के ऊपर से देखा था. इसके बाद वन विभाग की टीम ने तुलग्राम व आसपास के क्षेत्रों में ट्रैकिंग कैमरा लगाया था. ट्रैकिंग कैमरा में बाघ कैद नहीं हुआ था. दो दिन बाद चांडिल के चैनपुर में पति-पत्नी ने बाघ को देखा था. उसके बाद चांडिल के पाटा में भी बाघ के पंजे का निशान देखा गया था.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




