सरायकेला-खरसावां में BJP का हल्ला बोल, धान का MSP 3200 रुपये करने और मुआवजे की मांग
Published by : Sameer Oraon Updated At : 18 May 2026 4:23 PM
प्रखंड मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करते बीजेपी नेता
Saraikela BJP Protest: सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड मुख्यालय पर भाजपा ने किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने धान का एमएसपी 3200 रुपये करने और किसानों की कर्ज माफी की मांग को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा. पूरी विस्तृत रिपोर्ट यहां पढ़ें.
सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Saraikela BJP Protest, सरायकेला : किसानों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित निदान और उनके हक-अधिकार की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रखंड समिति की ओर से खरसावां प्रखंड मुख्यालय के समक्ष एक विशाल एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और खरसावां प्रखंड कार्यालय का घेराव किया.
चुनाव में किए वादे भूल चुकी है सरकार: सोनाराम बोदरा
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने राज्य की वर्तमान झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर वादाखिलाफी का सीधा आरोप लगाया. उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि चुनाव के वक्त राजनीतिक लाभ के लिए किसानों से बड़े-बड़े वायदे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह सरकार उन वादों को पूरी तरह भुला चुकी है. सोनाराम बोदरा ने कहा कि सरकार की गलत और किसान-विरोधी नीतियों के कारण आज राज्य का अन्नदाता बेहाल और परेशान है. किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य और अधिकार नहीं मिल रहा है.” उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार ने किसान हित में किए गए अपने वायदों को जल्द पूरा नहीं किया, तो आने वाले दिनों में भाजपा इससे भी अधिक उग्र और व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी.
Also Read: डेढ़ महीने से जेल में हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता, कर्मचारियों के घर चूल्हा जलाना मुश्किल
धान का एमएसपी 3200 करने और कर्ज माफी की मांग
प्रदर्शन के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल द्वारा महामहिम राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र (ज्ञापन) खरसावां के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को सौंपा गया. इस ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें शामिल हैं. धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तत्काल बढ़ाकर 3200 रुपये प्रति क्विंटल लागू किया जाए. हाल के दिनों में हुई ओलावृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हुए किसानों की फसलों का उचित और त्वरित मुआवजा दिया जाए. संकट से जूझ रहे राज्य के तमाम किसानों की कर्ज माफी की प्रक्रिया को धरातल पर उतारा जाए. ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई की मुकम्मल व्यवस्था और कृषि से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जाए. भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि इन जनहित की मांगों पर सरकार ने सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी.
चांदनी चौक से नारेबाजी करते हुए पहुंचे कार्यकर्ता
इससे पूर्व, भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय किसान खरसावां के चांदनी चौक पर एकत्रित हुए. वहां से वे राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोशपूर्ण नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचे. इस धरना-प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय महतो, जिला परिषद सदस्य सावित्री बानरा, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रधान, अखिलेश महतो, विश्वजीत प्रधान, विशकंठ प्रधान, विवेका प्रधान, प्रधान माटी सोय, राउतू हाईबुरु, जूली नापित, दुर्योधन प्रामाणिक, गोपाल प्रधान, प्रदीप प्रधान, रामलाल महतो, होपना सोरेन, समीर नायक, सिद्धेश्वर जोंको, सिदेश्वर सिंहदेव, कंचन चौहान, जयचंद महतो, नयन प्रामाणिक, संतोष कुमार, लादूराम हेंब्रम सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे.
Also Read: जमशेदपुर में 15 साल पुरानी गाड़ियां सड़कों से होंगी बाहर, बिना हेलमेट बाइक चलाई तो कटेगा भारी चालान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










