Seraikela News : वंचित गांव-टोलों में बिजली व पानी पहुंचायें : केंद्रीय मंत्री

Updated at : 22 Feb 2025 12:42 AM (IST)
विज्ञापन
Seraikela News : वंचित गांव-टोलों में बिजली व पानी पहुंचायें : केंद्रीय मंत्री

सरायकेला में दिशा की बैठक में धीमे कार्यों में सुधार व शिकायतों का निबटारा करने का आदेश, रांची के सांसद संजय सेठ ने सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की

विज्ञापन

सरायकेला. सरायकेला स्थित जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने की. जिले की विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर ससमय पूरा करने का निर्देश दिया. समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों तक योजनाएं पहुंचायें. योजनाओं के धीमे कार्यों में सुधार व शिकायतों का जल्द निबटारा करने का सख्त निर्देश दिया. श्री सेठ ने कहा कि बिजली से वंचित गांव व टोलों में बिजली पहुंचायें. जर्जर बिजली खंभे बदलें, झुलते तार दुरुस्त करें, सड़क योजना के लंबित कार्य में तेजी लायें.

आपदा में घर गिरने वालों को आवास योजना का लाभ दें

योजना में लापरवाही बरतने व तय समय में कार्य ना पूर्ण करने वाले संवेदकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने, हर-घर जल-नल योजना से सभी गांव-टोला को जोड़ने, खराब चापाकल-जलमीनार की मरम्मत करने, औद्योगिक संस्थान से प्रदूषण संबंधित प्राप्त शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्राकृतिक आपदा के कारण घर गिरने पर लाभुक को चिन्हित कर आवास योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान करने का निर्देश दिया.

स्वीकृत योजनाओं की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधि को दें

बैठक में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि हर तीन माह में दिशा की बैठक होगी. पदाधिकारियों से कहा कि स्वीकृत योजनाओं की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधि को दें. स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन कराएं, ताकि जनप्रतिनिधि योजनाओं पर निगरानी रखें. खेल व पर्यटन के क्षेत्र में जिला को आगे बढ़ाने के लिए कार्य योजना निर्धारित करें, ताकि जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे आने का अवसर प्राप्त हो सके.

स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सेवा व स्कूलों में सुविधाएं दें

मंत्री ने कहा कि विभागों में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दें. सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, एनएम, सीएचओ की उपस्थिति हो, यह सुनिश्चित करें. आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय व विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें. विद्यालयों में छात्रों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, खेलकूद की सामग्रियों की उपलब्धता व आवासीय विद्यालय में शत-प्रतिशत योग्य छात्र-छात्राओं का नामांकन हो सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

बैठक में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, खूंटी सांसद कालीचरण सिंह मुंडा, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सहित सभी प्रखंड के प्रमुख व कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola