Seraikela Kharsawan News : बड़ाकांकड़ा गंगा मेला में 35 फीट के ताड़कासुर का दहन

Published by : AKASH Updated At : 20 Jan 2026 12:26 AM

विज्ञापन

गम्हरिया. मकर संक्रांति पर माता गंगा की पूजा, प्रतिमा का विसर्जन आज होगा

विज्ञापन

सरायकेला.

गम्हरिया प्रखंड के बड़ाकांकड़ा गांव में मकर संक्रांति पर माता गंगा की पूजा के बाद सोमवार को 35 फीट ऊंचे ताड़कासुर का दहन किया गया. ताड़कासुर दहन कार्यक्रम को देखने के लिए करीब 10 हजार से अधिक लोग जुटे थे. मेल कमेटी के अध्यक्ष श्याम चरण तियु ने बताया कि सरायकेला के राजा ने हमारे पूर्वजों को बंगाल से बुलाकर बड़ाकांकड़ा में बसाया गया था. हमारे पूर्वज मकर संक्रांति पर मां गंगा की पूजा-अर्चना करते थे. बाद में इसे गंगा मेला का रूप दे दिया गया. पहले तीन दिन की पूजा होती थी. बाद में एक सप्ताह तक मेला का आयोजन होने लगा. ताड़कासुर दहन के साथ ही पूजा महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम का समापन हो गया.हालांकि, मंगलवार को माता गंगा की प्रतिमा का विसर्जन होगा.

1969 से हो रही मां गंगा की पूजा बड़ाकांकड़ा गांव में

वर्ष 1969 से मां गंगा की पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है. तब से लगातार हर वर्ष मकर संक्रांति पर पूजा का आयोजन किया जाता है. प्रारंभ में यह पूजा छोटे स्तर पर होती थी और तीन दिनों तक मेला लगता था. लेकिन समय के साथ इसका विस्तार हुआ और अब यह सात दिनों का आयोजन बन गया है.

बांग्ला रीति-रिवाज से होती है मां की पूजा

मकर संक्रांति पर पूरे क्षेत्र में बड़ाकांकड़ा गांव एकमात्र ऐसा गांव है, जहां मां गंगा की पूजा बांग्ला रीति-रिवाज से की जाती है. ग्रामीणों के अनुसार, उनके पूर्वज बंगाल से आये थे, जिन्हें सरायकेला के राजा ने यहां बसाया था. उन्हीं पूर्वजों ने इस परंपरा की शुरुआत की थी, जो आज भी पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ निभायी जा रही है.

ताड़कासुर दहन कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने दिया संदेश

ताड़कासुर दहन कार्यक्रम पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि असुरी शक्तियों के विनाश के लिए सदैव सत्य के रूप में ईश्वर के अवतार का जन्म होता रहा है. यह हमें सीख देता है कि राष्ट्र और समाज के निर्माण के लिए हमें हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए, क्योंकि असत्य का जीवन अधिक समय तक नहीं होता. अच्छी बारिश और कृषि कार्य की सफलता की कामना को लेकर बड़ाकांकड़ा गांव में प्रतिवर्ष मां गंगा पूजन उत्सव किया जाता है. कार्यक्रम में अध्यक्ष श्याम चरण तियु, उपाध्यक्ष शिव शंकर जामुदा, अनिल कुमार महतो, महासचिव विष्णु कुमार तियु, राहुल रंजन महतो, विश्वजीत तियु, उपसचिव कृष्ण चंद्र महतो, सूरज जामुदा, समीर महतो, कोषाध्यक्ष धनंजय तियु सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola