सरायकेला पहुंचीं डीजीपी तदाशा मिश्रा, रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सरायकेला का ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में पुजारी से बात करतीं डीजीपी तदाशा मिश्रा. फोटो: प्रभात खबर
Rath Yatra: झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सरायकेला में पुलिस अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने ऐतिहासिक रथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेकर भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए.
सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Rath Yatra: झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के दौरे पर पहुंचीं. यहां उन्होंने परिसदन में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया. बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जिले में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने, पुलिस-पब्लिक संबंधों को और अधिक मित्रवत बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आगामी ऐतिहासिक रथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया.
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ डीजीपी का स्वागत
सरायकेला पहुंचने पर जिला पुलिस की ओर से डीजीपी तदाशा मिश्रा को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने परिसदन में अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा, अपराध नियंत्रण की रणनीति और आगामी धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई. डीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने पुलिस कर्मियों को संवेदनशील और जनसरोकार से जुड़ा व्यवहार अपनाने की भी सलाह दी, ताकि जनता और पुलिस के बीच विश्वास और बेहतर हो सके.
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपराध रोकने के लिए नियमित गश्ती, खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बनाए रखने की आवश्यकता है. साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया.
श्री जगन्नाथ मंदिर में रथ यात्रा की तैयारियों का जायजा
बैठक के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा सरायकेला के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचीं. भगवान जगन्नाथ के अस्वस्थ होने की पारंपरिक मान्यता (अनासार काल) के कारण उन्होंने मंदिर के बाहर से ही दर्शन किए और आगामी रथ यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली. मंदिर परिसर में उन्होंने ओड़िया भाषा में सेवा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की. रथ यात्रा के पारंपरिक मार्ग, श्रद्धालुओं की संभावित संख्या, सुरक्षा व्यवस्था और मेले की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
सेवा समिति ने कराया पारंपरिक व्यवस्थाओं से अवगत
श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र महांती उर्फ लीपू और मुख्य पुजारी ब्रह्मानंद महापात्र ने मंदिर पहुंचने पर डीजीपी का स्वागत किया. उन्होंने रथ यात्रा की धार्मिक परंपराओं, आयोजन की व्यवस्थाओं और मेले के संचालन की जानकारी दी. सेवा समिति ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. ऐसे में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था आवश्यक होती है. डीजीपी ने इन सभी पहलुओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
350 वर्ष पुरानी है सरायकेला की ऐतिहासिक रथ यात्रा
सेवा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र महांती ने बताया कि सरायकेला की रथ यात्रा करीब 350 वर्ष पुरानी परंपरा है. यह ऐतिहासिक आयोजन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के सहयोग से लगातार आयोजित होता आ रहा है. उन्होंने कहा कि इस धार्मिक महोत्सव के आयोजन के लिए किसी प्रकार का सरकारी आर्थिक सहयोग नहीं मिलता. सेवा समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से ही प्रत्येक वर्ष रथ यात्रा और मेले का सफल आयोजन किया जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए सरकारी स्तर पर भी सहयोग मिलेगा.
मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
डीजीपी ने मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तैयार रखने को भी कहा गया.
इसे भी पढ़ें: रथ यात्रा तैयारी को लेकर जगन्नाथपुर डीएसपी ने लिए जायजा
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
डीजीपी के दौरे के दौरान कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे. डीजीपी के इस दौरे को आगामी रथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विशेषकर ऐतिहासिक रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही व्यापक सुरक्षा योजना पर काम कर रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें.
इसे भी पढ़ें: ढाई सौ वर्षों से जीवंत है हरिभंजा की रथ यात्रा, पुरी की झलक देखने आते हैं श्रद्धालु
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Kumarvishwat Sen
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










