इंजेक्शन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने मेडिकल संचालक पर लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन
इंजेक्शन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने मेडिकल संचालक पर लगाया आरोप

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

विज्ञापन

साहिबगंज

साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के पटनिया टोला निवासी राजाराम पासवान की 70 वर्षीय पत्नी बीना देवी की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों ने नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 10 बजे तबीयत बिगड़ने पर बीना देवी अपनी नातिन के साथ एलसी रोड स्थित एक मेडिकल दुकान पर दवा लेने गयी थीं. आरोप है कि वहां एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी स्थिति अचानक बिगड़ गयी. गंभीर अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतका की बेटी सुनीता देवी ने बताया कि उनकी मां पहले से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उन्हें एंटीबायोटिक इंजेक्शन लेने से मना किया गया था. इसके बावजूद इंजेक्शन लगाये जाने को लेकर उन्होंने आपत्ति जतायी है. वहीं, संबंधित मेडिकल दुकान के संचालक मोहम्मद हाशिम ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला पहले से ही अस्वस्थ थीं और दवा लेने आयी थीं. उनके अनुसार, दवा देने के दौरान महिला ने स्वयं इंजेक्शन लगाने की इच्छा जतायी थी. इंजेक्शन की प्रक्रिया शुरू होते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद तुरंत प्रक्रिया रोककर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया तथा परिजनों को भी सूचित किया गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना के एएसआइ मुरली मनोहर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola