अबुआ आवास योजना के लिए जरूरतमंद लगा रहे हैं पंचायत भवन का चक्कर और पंसस पति ने अपने नाम ले लिया आवास

Updated at : 29 Jan 2025 8:31 PM (IST)
विज्ञापन
अबुआ आवास योजना के लिए जरूरतमंद लगा रहे हैं पंचायत भवन का चक्कर और पंसस पति ने अपने नाम ले लिया आवास

समाजसेवी इकबाल अंसारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी बरहरवा से की शिकायत

विज्ञापन

बरहरवा. झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ आवास में कुछ लोग गलत तरीके से कागजात प्रस्तुत कर इसका लाभ ले रहे हैं, वहीं इसके जरूरतमंद योजना का लाभ लेने के लिए पंचायत भवन से लेकर प्रखंड का चक्कर काट रहे हैं. ऐसा ही एक मामला बरहरवा प्रखंड क्षेत्र का है, जहां बड़ा सोनाकर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य रुकैया बीबी के पति शकीलू जमान अंसारी उर्फ मिस्टर ने अपने नाम अबुआ आवास स्वीकृत कराकर प्रथम किस्त का भुगतान भी करा लिया है, जबकि आर्थिक रूप से संपन्न एवं जनप्रतिनिधि अबुआ आवास योजना का लाभ नहीं ले सकते हैं. इस संबंध में समाजसेवी इकबाल अंसारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी बरहरवा से लिखित शिकायत की है. शिकायत मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास ने जांच हेतु तीन सदस्यीय टीम का भी गठन कर दिया है. शिकायत के अनुसार, शकीलू जमान के अबुआ आवास की संख्या आरईडी 2967277 है. इनका पहले से दूसरे स्थान पर भव्य पक्का मकान है. आवास स्वीकृत होने के बाद इनकी प्रथम किस्त का भुगतान भी कर दिया गया है और आवास निर्माण कार्य चालू भी कर दिया गया है. इकबाल अंसारी ने बताया कि शकीलू जमान उर्फ मिस्टर के पिता सरकारी शिक्षक पद से रिटायर्ड हुये थे. यह लोग पहले से संपन्न हैं. पंचायत में अन्य लाभुकों से भी अबुआ आवास योजना के नाम पर पंचायत समिति सदस्य के पति ने नजराना लिया है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है. इधर, मामले को लेकर पंचायत समिति सदस्य के पति शकीलू जमान अंसारी ने कहा कि उनके उपर लगाया गया आरोप पूरी तरीके से बेबुनियाद है. वीडियो वायरल होने पर पहुंचे थे एसीबी के तीन फर्जी अधिकारी बड़ा सोनाकर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य रुकैया बीबी के पति शकीलू जमान अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसमें एक लाभुक अबुआ आवास योजना के नाम पर पैसे लेने की बात कह रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद ही कोटालपोखर के एक एवं बरहरवा के दो युवक सकिलू जमान अंसारी को एसीबी का अधिकारी बनकर ब्लैकमेल कर रहा था तथा मामला मैनेज करने के लिये 5 लाख रूपये की डिमांड कर रहा था. इसके बाद शकीलू जमान ने कोटालपोखर थाने में शिकायत की थी. और, उसकी शिकायत के आधार पर उक्त तीनों फर्जी एसीबी के अधिकारी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था. क्या कहते हैं पदाधिकारी बरहरवा प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास ने कहा कि बड़ा सोनाकर पंचायत समिति सदस्य के पति के नाम से अबुआ आवास की स्वीकृति हो जाने की शिकायत प्राप्त हुई है. संबंध में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. टीम के द्वारा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कार्यवाही की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola