ePaper

राजमहल में तेज ट्रैक्टर की टक्कर से नानी की मौत, घायल नाती रेफर

Updated at : 10 Mar 2026 4:33 PM (IST)
विज्ञापन
Sahibganj News

आरिफ शेख की नानी हविलान बीबी का इलाज करते डॉक्टर. फोटो: प्रभात खबर

Sahibganj News: साहिबगंज के राजमहल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार नानी-नाती गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के लिए भागलपुर ले जाने के दौरान नानी हविलान बीबी की रास्ते में मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

राजमहल से शत्रुघ्न हजारी की रिपोर्ट

Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल के राधानगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में नानी की मौत हो गई, जबकि उनका नाती गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा दक्षिण पियारपुर स्थित आकुनबन्ना नाशघाट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

उधवा जा रहे थे नानी-नाती

मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पियारपुर निवासी आरिफ शेख (30) अपनी नानी हविलान बीबी (50) को बाइक से किसी काम से उधवा ले जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

चालक मौके से फरार

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत सड़क से उठाया और इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल से हायर सेंटर किया गया रेफर

राजमहल अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर सौरभ कुमार ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजनों के अनुसार दोनों को इलाज के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में बोरियो के पास हविलान बीबी की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं आरिफ शेख का इलाज अभी जारी है और उन्हें आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद राधानगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई. एएसआई ओमप्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ट्रैक्टर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में हड़कंप, कैंपस खाली

तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से बढ़ रहा खतरा

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस सड़क पर मिट्टी लदे ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार से चलते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक्टर चालकों पर सख्ती की जाए और सड़क पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: गुमला में हाथी ने घर तोड़ा, दीवार गिरने से 5 महीने की बच्ची की मौत, देखें वीडियो

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola