जमीन विवाद में भतीजी ने फुआ को पत्थर से कूचकर मार डाला, इलाके में हड़कंप
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 11 Mar 2026 1:42 PM
महिला की हत्या के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़. फोटो: प्रभात खबर
Sahibganj Crime News: साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र के बांझी संथाली गांव में जमीन विवाद के दौरान भतीजी ने अपनी फुआ की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले की सच्चाई की पड़ताल कर रही है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
बारियो से सोनू ठाकुर की रिपोर्ट
Sahibganj Crime News: झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र स्थित बांझी संथाली गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद और अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है.
घर पहुंची थी महिला, इसी दौरान हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय संझली हांसदा बुधवार सुबह अपनी भतीजी तारा हांसदा के घर पहुंची थी. इसी दौरान संझली हांसदा का तारा हांसदा की मां के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई. गांव के लोगों के अनुसार जमीन को लेकर पहले से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी.
मां को बचाने के दौरान हुआ जानलेवा हमला
विवाद बढ़ने के दौरान तारा हांसदा अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगी. इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी ही फुआ संझली हांसदा के सिर पर पत्थर से वार कर दिया. पत्थर से किए गए हमले में संझली हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें: खूंटी के छाता गांव में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का अभाव, महिलाओं ने उठाई मांग
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजहों का पता लगाया जा रहा है. इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें: गुमला में महिला की हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार, भेजे गए जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










