एयर स्ट्राइक और राहत-बचाव का किया अभ्यास

Author Rakesh kumar|Edited by Priya Gupta
Updated:
विज्ञापन
एयर स्ट्राइक और राहत-बचाव का किया अभ्यास

साहिबगंज में एयर स्ट्राइक और आपदा प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट का आयोजन किया गया। जानें पूरी जानकारी।

विज्ञापन

साहिबगंज. केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर बुधवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन, संध्या कॉलेज और प्रखंड कार्यालय परिसर में शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक नागरिक सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इसमें जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, आरपीएफ, जीआरपी व अन्य एजेंसियों ने भाग लिया. मॉक ड्रिल के दौरान एयर स्ट्राइक से पहले दो मिनट तक सायरन बजाया गया. सायरन बजते ही शहर में गतिविधियां थम गईं. दुकानें बंद हो गईं और सड़कें सुनसान नजर आईं. इसके बाद एयर स्ट्राइक की तर्ज पर बम विस्फोट का दृश्य तैयार किया गया. धमाके के बाद धुआं और आग फैलने की स्थिति बनाई गई, जिसके बाद लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलते ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया. मॉक ड्रिल देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी भी मौके पर पहुंचे.

बम निरोधक दस्ता भी रहा शामिल

मॉक ड्रिल में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी शामिल रहा. सूचना मिलने पर दोनों टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र की जांच की. फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संग्रहण का अभ्यास किया.

रात 8 से 9 बजे तक रहा ब्लैकआउट

मॉक ड्रिल के तहत रात 8 बजे सायरन बजते ही शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई. लोगों ने भी अपने-अपने घरों की लाइट स्वेच्छा से बंद रखी. रात 9 बजे दोबारा सायरन बजने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई. ब्लैकआउट के दौरान रेलवे स्टेशन, सरकारी कार्यालय, रेलवे कॉलोनी, बाजार, होटल, रेस्टोरेंट, मल्टी मॉडल बंदरगाह, जैप-09 परिसर, पुलिस लाइन, डीसी कार्यालय, एसपी कार्यालय सहित चिन्हित स्थानों पर पूर्ण अंधेरा रहा. एसी विजय कुमार, डीएसपी रविकांत साव, मेजर रोहित दुबे, दंडाधिकारी प्रमोद आनंद सहित कई अधिकारियों ने पैदल शहर का भ्रमण कर ब्लैकआउट का जायजा लिया.

आपदा प्रबंधन के लिए 12 कोषांग गठित

मॉक ड्रिल से पहले उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और आपदा की स्थिति में त्वरित राहत-बचाव को लेकर समीक्षा की. किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला स्तर पर 12 विशेष कोषांगों का गठन किया गया. इनमें मुख्यालय सेवा, वार्डन सेवा, संचार सेवा, हताहत सेवा, अग्निशमन सेवा, बचाव सेवा, कल्याण सेवा, मलबा एवं शव निस्तारण सेवा, डिपो एवं परिवहन सेवा, प्रशिक्षण सेवा तथा आपूर्ति सेवा शामिल हैं. मौके पर एसी विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, सीओ बासुकिनाथ टुडू, डीएसपी रविकांत साव, दंडाधिकारी प्रमोद आनंद, मेजर रोहित दुबे, नगर परिषद पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, संध्या कॉलेज के प्राचार्य शंभूनाथ पाठक, गृह रक्षा वाहिनी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी कैडेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.


विज्ञापन
Rakesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rakesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola