जिला प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद साहिबगंज में रसोई गैस की है किल्लत
Updated at : 18 Mar 2026 10:35 PM (IST)
विज्ञापन

साहिबगंज (फाइल फोटो)
लोग रसोई गैस सिलिंडर के लिए सुबह चार बजे से ही गोदाम के बाहर लग जा रहे हैं लाइन
विज्ञापन
साहिबगंज जिला प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद साहिबगंज में रसोई गैस के लिए हाहाकार मचा हुआ है. लोग रसोई गैस सिलिंडर के लिए सुबह 4 बजे से ही गोदाम के बाहर लंबी कतार में लग जा रहे हैं. इसके बाद भी यदि गैस सिलिंडर मिल गया तो लोग अपने आप को बहुत भाग्यशाली समझ रहे हैं. दरअसल, ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद से ही साहिबगंज क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत महसूस की जा रही है. बुधवार की सुबह तालबन्ना मोहल्ले में स्थित मां समुद्रा रसोई गैस एजेंसी के गोदाम में उपभोक्ताओं की अफरातफरी मच गयी. सुबह 4 से ही यहां रसोई गैस का सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग गयी. बताया गया था कि सुबह 7 रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को गोदाम से की जायेगी. निर्धारित समय पर रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिलने के चलते वहां उपभोक्ताओं ने जमकर बवाल काटा. उपभोक्ताओं का आरोप था कि वे लोग पिछले 8 मार्च से यहां प्रतिदिन गैस सिलिंडर लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन गैस एजेंसी के मालिक के द्वारा रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है, तरह-तरह का बहाना बनाकर उन लोगों को रसोई सिलिंडर से वंचित रखा जा रहा है. इससे उन लोगों को काफी परेशानी हो रही है. कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वह लोग गरीब हैं. मजदूरी करते हैं, फिर भी रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए पिछले दो-तीन दिनों से रोज यहां पहुंच रहे हैं. सिलिंडर तो मिल नहीं रहा है ऊपर से खाली गैस का सिलिंडर लेकर आने-जाने में ऑटो-टोटो का भाड़ा लग जा रहा है. काफी लंबे देर तक लाइन में लगे रहने के चलते हुए लोग मजदूरी करने भी नहीं जा पा रहे हैं. वहीं कुछ मुस्लिम उपभोक्ताओं ने बताया कि रमजान का महीना चल रहा है. दो दिनों के बाद ईद का त्योहार है, इसके बाद भी शहर में रसोई गैस सिलिंडर की कीमत के चलते उन लोगों का त्योहार फीका-फीका हो गया है. रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए वे लोग पिछले दो-तीन दिनों से सुबह से ही लाइन लग रहे हैं, लेकिन मायूसी हाथ लग रही है. कई महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और प्रशासन का दवा खोखला साबित हो रहा है. कई दिनों से लगातार रसोई का सिलिंडर लेने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उन लोगों को रसीद काटे जाने के बाद भी गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है. कुछ उपभोक्ताओं ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जब रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है तो एजेंसी के द्वारा रसीद क्यों काटा जा रहा है? यही हाल शहर में संचालित स्वस्तिक गैस एजेंसी का भी बताया जा रहा है. बता दें कि साहिबगंज में तीन गैस एजेंसी कार्यरत हैं. इसमें से दो इंडेन गैस की आपूर्ति मां समुद्रा गैस एजेंसी और स्वस्तिक गैस एजेंसी के द्वारा पूर्ति की जाती है. एक एचपी गैस एजेंसी संचालित है. एक ओर जहां एचपी गैस एजेंसी की ओर से नियमित रूप से रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रतिदिन होम डिलीवरी के रूप में उपभोक्ताओं में की जा रही है तो ही दूसरी ओर इंडियन गैस के दोनों एजेंसी के द्वारा होम डिलीवरी तकरीबन बंद कर दी गयी है. उन्हें गैस सिलेंडर नसीब नहीं हो पा रहा है. उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह होम डिलीवरी के माध्यम से रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति हो सके. हालांकि, दो दिन पूर्व डीसी हेमंत सती ने बयान जारी कर कहा था कि साहिबगंज में रसोई गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है. गैस सिलेंडर के लिए बहुत अधिक पैनिक होने की जरूरत नहीं है, इसके बाद भी शहरवासियों में रसोई गैस सिलिंडर के लिए हाहाकार मचा हुआ है. बंगाली टोला से आए सुरेंद्र केसरी ने बताया कि हम लोग 5-6 दिन से घूम रहे हैं और आज पता चला कि गैस आने वाला है, जिसको लेकर हम लोग सुबह 6:00 बजे से बैठे हैं. शोभापुर भट्ट से आए कमलेश कुमार यादव ने बताया कि 2 दिन से घूम रहे हैं. पता चलने पर खाली सिलिंडर लेकर 6:00 बजे सुबह से आकर बैठे हैं. गाड़ी आने की बात कही जा रही है. इधर, प्रबंधक रवि कुमार यादव ने कहा कि एक गाडी गैस आया है, जिसके कारण दिक्कत हो रही है. दूसरे दिन गाडी आने पर सामान्य हो जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




