साहिबगंज को मिला 2600 क्विंटल धान बीज का आवंटन : डीएओ

किसानों को बीज 2,045 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध होगा.
साहिबगंज
जिले को खरीफ 2026-27 के लिए कुल 2600 क्विंटल धान बीज की आपूर्ति का आदेश कृषि निदेशालय झारखंड, रांची से प्राप्त हुआ है. जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने बताया कि आपूर्ति आदेश राष्ट्रीय बीज निगम, नयी दिल्ली को दिया गया है. जिले के लिए प्रमाणित धान बीज प्रभेद एमटीयू-7029 की 2500 क्विंटल तथा प्रभेद एमटीयू-1010 की 100 क्विंटल मात्रा आवंटित की गयी है. इन बीजों का वितरण संबंधित लैंप्स, पैक्स एवं एफपीओ के माध्यम से किया जायेगा. एमटीयू-7029 धान बीज का कुल मूल्य 4,090 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है. इस पर 50 प्रतिशत अनुदान के रूप में 2,045 रुपये दिए जा रहे हैं. इसके कारण किसानों को बीज 2,045 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध होगा.वहीं एमटीयू-1010 धान बीज का मूल्य 4,350 रुपये प्रति क्विंटल है. इस पर 50 प्रतिशत अनुदान राशि 2,175 रुपये निर्धारित की गयी है. किसानों को यह बीज 2,175 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध कराया जायेगा. जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि एमटीयू-7029 लंबी अवधि (140 से 145 दिन) में तैयार होने वाली धान की किस्म है, जबकि एमटीयू-1010 मध्यम अवधि की किस्म है, जो लगभग 115 से 120 दिनों में तैयार हो जाती है. आवंटन के अनुसार सकरोगढ़ पोखरिया लैंप्स लिमिटेड, नोडल लैंप्स, साहिबगंज को एमटीयू-7029 का 2350 क्विंटल एवं एमटीयू-1010 का 100 क्विंटल, सौनक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बरहरवा को एमटीयू-7029 का 100 क्विंटल तथा साहिबगंज बरहरवा किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड, बरहरवा को एमटीयू-7029 का 50 क्विंटल बीज आवंटित किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










