श्रीकुंड बाजार से हटा अवैध कब्जा, जाम से राहत

पाकुड़-बरहरवा मुख्य पथ कई वर्षों से था अतिक्रमित, हर रोज लगता था जाम
बरहरवा. पाकुड़–बरहरवा मुख्य पथ के चौड़ीकरण को लेकर श्रीकुंड बाजार में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस अभियान का नेतृत्व बरहरवा अंचलाधिकारी अनोज कुमार ने किया, जबकि कोटालपोखर थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे. जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई लंबे समय से सड़क पर किये गये अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से की गई, ताकि सड़क निर्माण कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके. बताया गया कि मार्ग पिछले कई वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में था. सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन द्वारा संबंधित लोगों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया भी पहले ही शुरू की जा चुकी थी. इसके बावजूद कई लोगों द्वारा बार-बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया. करीब छह माह पूर्व भी अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय अभियान अधूरा रह गया था. कुछ मकान नहीं तोड़े जा सके थे. तीन दिन पहले दिया गया था अंतिम अल्टीमेटम अंचल कार्यालय बरहरवा की ओर से तीन दिन पूर्व माइकिंग कर अतिक्रमण हटाने का अंतिम नोटिस दिया गया था. परंतु इसके बाद भी कई लोगों ने स्थान खाली नहीं किया. अंततः मंगलवार को बड़े पैमाने पर जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें मुआवजा नहीं मिला है, फिर भी उनके मकान तोड़ दिये गये. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों को नोटिस दिया गया था, उनमें से कुछ ने आवश्यक कागजात जमा नहीं किये हैं या तकनीकी कारणों से भुगतान लंबित है. विभाग में राशि उपलब्ध है और सभी पात्र लोगों को मुआवजा दिया जायेगा. मौके पर सीआइ उमेश मंडल, एसआइ प्रदीप कुमार, अमीन बबलू मालतो समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




