Sahibganj: सगाई की तैयारी के बीच उठी बेटे की अर्थी, पूरे गांव में पसरा मातम

मृतक के घर के बाहर जुटे ग्रामीण.
Sahibganj: साहिबगंज में सोमवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जिसमें से एक सनोज कुमार यादव की कुछ ही दिनों में सगाई होने वाली थी. सनोज के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Sahibganj: साहिबगंज में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तालबन्ना निवासी सनोज यादव और शोभनपुर भट्ठा निवासी बादल यादव की मौत के बाद मंगलवार को दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. मृतक सनोज कुमार यादव के पिता कुंवर यादव ने बताया कि उनके पुत्र की दो दिनों बाद ही साहिबगंज में सगाई होने वाली थी. घर में सगाई की तैयारियां चल रही थीं. परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन दर्दनाक हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं. उन्होंने रोते हुए कहा कि किसे पता था कि सगाई की तैयारी के बीच ही बेटे की अर्थी निकलेगी. यह कहते-कहते परिजन फूट-फूट कर रो पड़े. आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयी.
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही एंबुलेंस से दोनों युवकों के शव उनके घर पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा मुहल्ला गूंज उठा. तालबन्ना में सनोज यादव के घर और शोभनपुर भट्ठा में बादल यादव के घर पर मातम छा गया. आसपास के लोग भी दर्दनाक दृश्य को देखकर भावुक हो गये और पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया.
बादल की मां और बहन की चीख-पुकार से नम हुई सभी की आंखें
बादल यादव के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन हो गया. जब परिजन और ग्रामीण अर्थी उठाने लगे तो उसकी बहन रोते हुए बार-बार कह रही थी कि काहे हमार भाई के सब ले जाता, हम कुछो ना बोलब. यह कहते-कहते वह फूट-फूट कर रोने लगी. परिवार के लोग और ग्रामीण उसे संभालने की कोशिश करते रहे. वहीं बादल की मां भी बेटे की मौत से गहरे सदमे में चुपचाप बैठी अपने लाल की जुदाई का दर्द सहती नजर आयी.
ग्रामीणों ने तालबन्ना के पास किया हाइवे जाम
इधर, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तालबन्ना दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाइवे-80 पर शव रखकर कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की. जाम की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडे पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. घटना की जानकारी मिलने पर अंचल अधिकारी बासुकीनाथ टुडू के निर्देश पर अंचल कार्यालय से कर्मचारी संजय गुप्ता समेत अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे. परिजनों से बातचीत कर सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. बताया जाता है कि सोमवार देर रात दोनों युवक विवाह में भोज खाने जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी.
ये भी पढ़ें…
झारखंड के 3 यूनिवर्सिटी को मिल गए कुलपति, राज्यपाल संतोष गंगवार ने लगाई मुहर
दिन-दहाड़े बंदूक के दम पर बहरागोड़ा केनरा बैंक में बंधक बनाकर 15 लाख की लूट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




