सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के स्वागत को साहिबगंज तैयार, सिदो-कान्हू स्टेडियम में होगा भव्य समारोह

Updated:
विज्ञापन
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के स्वागत को साहिबगंज तैयार, सिदो-कान्हू स्टेडियम में होगा भव्य समारोह

झारखंड की ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों को मिलेगी नयी प्रेरणा

विज्ञापन

साहिबगंज

झारखंड द्वारा पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में साहिबगंज जिला ट्रॉफी के भव्य स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है. प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी गोड्डा से होते हुए साहिबगंज पहुंचेगी. ट्रॉफी के आगमन पर शुक्रवार को सिदो-कान्हू स्टेडियम में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी देश की प्रतिष्ठित घरेलू टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता है. इसकी शुरुआत वर्ष 2006-07 में हुई थी. वर्ष 2010 में भारत के पहले टेस्ट क्रिकेटर सैयद मुश्ताक अली के सम्मान में इस प्रतियोगिता का नामकरण किया गया. इस टूर्नामेंट का आयोजन बीसीसीआई द्वारा किया जाता है. यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों को टी-20 प्रारूप में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आईपीएल एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्थान बनाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है. अब तक इस ट्रॉफी को तमिलनाडु ने तीन बार, कर्नाटक, मुंबई, बड़ौदा और गुजरात ने दो-दो बार, जबकि पंजाब, बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, ईस्ट जोन और झारखंड ने एक-एक बार अपने नाम किया है. पहली बार ट्रॉफी जीतने के बाद झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने इसे राज्यभर में भ्रमण पर ले जाने का निर्णय लिया है, ताकि युवा और उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रेरणा मिल सके. जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अंकुर सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रॉफी का साहिबगंज आगमन जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा. उन्होंने कहा कि यह ट्रॉफी झारखंड क्रिकेट की ऐतिहासिक सफलता, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और राज्य की प्रतिभा का प्रतीक है. ट्रॉफी के स्वागत समारोह में डीसी हेमंत सती, एसपी अमित कुमार सिंह, डीडीसी सतीश चंद्रा, जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष सहित अन्य पदाधिकारी, खेलप्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे. यह आयोजन साहिबगंज जिले के क्रिकेट इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज किया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola