ePaper

साहिबगंज का गंगा तट बनेगा मरीन ड्राइव व एयरपोर्ट का होगा निर्माण

Updated at : 11 Apr 2025 9:06 PM (IST)
विज्ञापन
साहिबगंज का गंगा तट बनेगा मरीन ड्राइव व एयरपोर्ट का होगा निर्माण

वीर शहीद सिदो-कान्हू के जयंती समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे भोगनाडीह, लोगों से कहा

विज्ञापन

वीर शहीद सिदो-कान्हू के जयंती समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे भोगनाडीह, लोगों से कहा बरहेट. प्रखंड क्षेत्र के वीर शहीद सिदो-कान्हू के जयंती समारोह में भाग लेने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री सह बरहेट विधायक हेमंत सोरेन भोगनाडीह पहुंचे. उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे राज्य का तेजी से विकास हो रहा है. साहिबगंज में गंगा नदी के किनारे मरीन ड्राइव एवं यहां के लोगों के लिए एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा. लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार की भी व्यवस्था की जा रही है. युवाओं को नौकरी दी जा रही है. अच्छी शिक्षा देने के लिए यहां के बच्चे को सरकार विदेश भेज रही है. बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है. हम लोग इस सोच से आगे बढ़ रहे हैं कि राज्य कैसे अव्वल हो. पूरे देश में हमारा झारखंड सबसे आगे रहेगा. आप लोगों ने जिस प्रकार हमें दोबारा मौका दिया है उसके लिए शुक्रगुजार हूं. मुख्यमंत्री का मंच पर स्वागत संबोधन उपायुक्त हेमंत सती ने जिले की उपलब्धि बताकर की. वहीं राजमहल सांसद विजय हांसदा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, राजमहल विधायक एमटी राजा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन एवं पूर्व केंद्रीय कमेटी सचिव पंकज मिश्रा का स्वागत मोमेंटो देकर जिला प्रशासन की ओर से किया गया. सीएम पहुंचे भोगनाडीह, हेलीपैड पर दिया गार्ड ऑफ ऑनर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को बरहेट के भोगनाडीह में आयोजित जयंती समारोह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने हेलीकॉप्टर से पहुंचे. उनके साथ गांडेय विधायक व उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी साथ थी. भोगनाडीह के हेलीपैड में हेलीकॉप्टर उतरने के बाद डीसी हेमंत सती ने बुके देकर उनका स्वागत किया. इसके बाद जवानों के द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. वहीं, हेलीपैड पर ही क्षेत्र के सांसद, विधायक एवं पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत बुके देकर किया. वीर सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण भोगनाडीह स्थित पार्क में निर्मित सिदो-कान्हू, चांद-भैरव व फूलो-झानो की प्रतिमा पर सीएम हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित अन्य ने माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया. उनके साथ मौजूद सांसद एवं विधायक ने भी सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित की. क्रांतिस्थल पंचकठिया में की पूजा अर्चना बरहेट के पंचकठिया स्थित क्रांतिस्थल जहां सिदो मुर्मू को फांसी दी गयी थी. वह स्थान आज के समय में लोगों के लिए प्रेरणा स्थल बन गया है. सीएम हेमंत सोरेन भोगनाडीह पार्क में माल्यार्पण के बाद सड़क मार्ग से पंचकठिया पहुंचे और क्रांतिस्थल में पूजा अर्चना की. उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, सांसद विजय हांसदा सहित अन्य ने भी पूजा अर्चना की. पूजा अर्चना के बाद सीएम ने क्रांतिस्थल में किये जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर हेमंत सती को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. वंशज परिवार के सदस्यों का जाना हालचाल सीएम हेमंत सोरेन कार्यक्रम के दौरान भोगनाडीह स्थित सिदो-कान्हू मुर्मू के आवास गये और उनके वंशजों से मिले. इससे पूर्व आवास में निर्मित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. वंशज सदस्यों से मुलाकात के क्रम में उन्होंने सदस्यों को वस्त्र देकर सम्मानित किया. इस दौरान वंशज परिवार की सबसे बुजुर्ग महिला बिटिया हेम्ब्रम से उनका हालचाल जाना. मुलाकात के दौरान सीएम ने वंशज परिवार के साथ तस्वीरें ली. सीएम को वंशज परिवार के सदस्यों ने सौंपा मांग पत्र सिदो-कान्हू मुर्मू जयंती समारोह के दौरान सीएम के वंशज परिवार से मुलाकात करने के क्रम में वंशज परिवार के सदस्यों ने मांग पत्र सौंपा. जिसमें उन्होंने एसपीटी एक्ट लागू करने, सिदो-कान्हू मुर्मू पार्क भोगनाडीह को सांस्कृतिक धरोहर के आधार पर विकसित करने, सिदो-कान्हू पार्क भोगनाडीह में साउंड एवं सिस्टम द्वारा शहीदों की जीवनी प्रसारित करने, भोगनाडीह में सिदो-कान्हू मुर्मू संग्रहालय के निर्माण करने, वंशज परिवार को शहीद पेंशन देने, शहीद परिवार को स्वास्थ्य कार्ड देने, बच्चों को शिक्षा की प्राथमिकता देने, भोगनाडीह में सिंचाई हेतु डीप बोरिंग करने सहित अन्य मांगे की है. जिस पर सीएम ने आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. पांच वर्षों में क्षेत्र के विकास का रचेंगे इतिहास : सांसद विजय हांसदा भोगनाडीह में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित परिसम्पत्तियों के वितरण, योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन कार्यक्रम में राजमहल सांसद विजय हांसदा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार लगातार बेहतर काम कर रही है. देश के मानचित्र में साहिबगंज जिला जिस तरह से आगे बढ़ रहा है. अपने कम संसाधनों के बावजूद सरकार की बेहतरीन सोच के साथ जिले के हर एक लोगों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिल रही है. चाहे वह मैया सम्मान योजना की बात हो, रोजगार सृजन की बात हो हरेक को पेंशन व आवास देने की बात हो, हर लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ रही है. साहिबगंज जिला राज्य के कोने में होने के बावजूद इतिहास के पन्नों में दर्ज रहा लेकिन राज्य के मानचित्र में पिछड़ा ही रहा. आज जिस तरह से साहिबगंज में गंगा पुल का निर्माण एयरपोर्ट की स्वीकृति, मानिकचक में पुल की स्वीकृति, फॉसिल्स पार्क, उधवा झील का विकास सहित सभी क्षेत्रों में यहां काम हो रहा है. हमारी सरकार के प्रयास लोगों के सपने को पूरा करने का है. आगामी 5 साल में क्षेत्र के विकास में हम लोग इतिहास रचने का काम करेंगे. सुरक्षा व्यवस्था के थे तगड़े इंतजाम मुख्यमंत्री की आगमन को लेकर बरहेट भोगनाडीह कार्यक्रम स्थल सिदो-कान्हू पार्क, वंशज परिवार के घर के समीप के अलावे भोगनाडीह से लेकर बरहेट बाजार होते हुए पंचकठिया तक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. वहीं, क्रांति स्थल पर भी पदाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गयी थी. डीआइजी अंबर लकड़ा, साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह पूरी सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने में लगे हुए थे. 13092.426 लाख की परिसम्पत्तियों का किया गया वितरण, 43785.760 लाख रुपये की राशि से 146 योजनाओं का शिलान्यास व 361 योजनाओं का हुआ उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोजित कार्यक्रम में 13092.426 लाख की परिसंपत्तियों का वितरण किया. इस दौरान मइयां सम्मान योजना के 191315 लाभुकों के बीच 4782.870 लाख रुपए, सर्वजन पेंशन योजना के 113707 लाभुकों के बीच 2842.680 लाख रुपए, ट्राई साइकिल वितरण योजना के तहत 20 लाभुकों को ट्राइसाइकिल दिया गया. वहीं, अबुआ आवास के 1056 लाभुकों के बीच 2112 लाख रुपए से गृह प्रवेश, कन्यादान योजना के 100 लाभुकों के बीच 30 लाख रुपए, सिलाई मशीन वितरण योजना के 273 लाभुकों के बीच सिलाई मशीन वितरण, पशु वितरण योजना के तहत 1907 लाभुकों के बीच 504.840 लाख रुपए, गाय वितरण एवं बोरिंग योजना के तहत 204 लाभुकों के बीच 275.500 लाख रुपए, किसान समृद्धि योजना के 417 लाभुकों के बीच 757.906 लाख रुपए, पीएमईजीपी योजना के 68 लाभुकों के बीच 218.680 लाख रुपये, पीएमएफएमइ योजना के 70 लाभुकों के बीच 135.250 लाख रुपये के साथ-साथ अन्य योजनाओं से जुड़े लाभुकों के बीच परिसम्पत्ति का वितरण किया गया. इस दौरान सीएम ने साहिबगंज, पाकुड़ व गोड्डा जिले की कुल 43785.760 लाख रुपये की राशि से 146 योजनाओं का शिलान्यास व 361 योजनाओं का उद्घाटन भी किया. जिसमें साहिबगंज जिले के 78 योजनाओं का शिलान्यास व 59 का उद्घाटन, पाकुड़ जिले के 40 योजनाओं का शिलान्यास व 283 योजनाओं का उद्घाटन तथा गोड्डा जिले के 28 योजनाओं का शिलान्यास व 19 योजनाओं का शिलान्यास किया गया. 1990 के दशक में झामुमो से शुरू की थी राजनीतिक पारी, कांग्रेस और आजसू में भी रह चुके हैं ताला मरांडी बरहरवा. झारखंड की राजनीति में कौन किस ओर पाला बदल लेगा. यह कहना मुश्किल हो गया है. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे और बोरियो से दो बार के विधायक ताला मरांडी का भाजपा से एक बार फिर मोह भंग हो गया है. उन्होंने भोगनाडीह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर ली है. जानकार बताते हैं कि ताला मरांडी 1990 के दशक में अपनी राजनीतिक यात्रा झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में ही शुरू की थी. लंबे समय तक झारखंड मुक्ति मोर्चा में काम किया. बाद में वह कांग्रेस का दामन थाम लिया. 1995 में कांग्रेस के टिकट पर बोरियो विधानसभा चुनाव लड़े. पर उन्हें हार मिली. वर्ष 2000 में बिहार से झारखंड अलग हुआ तो उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा. फिर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद ताला मरांडी का कांग्रेस से मोह भंग हो गया और भाजपा में शामिल हो गये. झारखंड के 2005 के विधानसभा चुनाव में बोरियो विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार बनाये गये. इस बार उन्हें सफलता हाथ लगी. वे पहली बार विधायक बनकर झारखंड विधानसभा पहुंचे. अगले चुनाव वर्ष 2009 में जब वे चुनाव लड़े तो वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोबिन हेंब्रम से चुनाव हार गये. फिर उनकी किस्मत बदली और 2014 में वे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े. पुनः विधानसभा पहुंच गये. रघुवर दास के मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान उन्हें वर्ष 2016 में झारखंड बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया. पारिवारिक विवाद के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. वे कुछ महीनों तक ही प्रदेश अध्यक्ष रहे. इसके बाद वर्ष 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें बोरियो विधानसभा से टिकट काटकर सूर्या हांसदा को भाजपा का प्रत्याशी बनाया तो उन्होंने पाला बदलकर आजसू पार्टी का दामन थाम लिया. आजसू के टिकट पर बोरियो विधानसभा से चुनाव लड़े, उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. वे तीसरे स्थान पर रहे. इसके बाद फिर वे भाजपा के संपर्क में आये. 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए और भाजपा ने उन्हें राजमहल लोकसभा से प्रत्याशी बनाया. चुनाव में भी उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी विजय हांसदा से हार का सामना करना पड़ा. लोकसभा चुनाव हारने के बाद वे फिर से 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट चाह रहे थे. तभी राजनीतिक बदलाव हुआ और झारखंड मुक्ति मोर्चा से विधायक रहे लोबिन हेंब्रम ने पाला बदला और वे भाजपा में शामिल हो गये. इसके बाद से ही ताला मरांडी भाजपा से नाराज चल रहे थे. उनके पुत्र मुन्ना मंराडी विधानसभा में ही झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गये थे. उनका मन फिर से जागा और शुक्रवार को झामुमो में शामिल हो गये. जहां पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर सदस्यता दिलायी. ताला मरांडी अब से झामुमो के लिए काम करेंगे. ताला के साथ पाकुड़ की राजबाड़ी परिवार की सदस्य प्रतिमा पांडे ने भी झामुमो की सदस्यता ग्रहण की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ABDHESH SINGH

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola