दिल्ली से झारखंड का वांछित मानव तस्कर गिरफ्तार, खूंटी की लड़की का हुआ रेस्क्यू

दिल्ली में बालिका को रेस्क्यू करनेवाली टीम.
दिल्ली से झारखंड की एक वांछित मानव तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मानव तस्करी की शिकार खूंटी जिले की एक बालिका को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. यह कार्रवाई एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र के समन्वय में हुई.
सुनील चौधरी की रिपोर्ट
रांची/नई दिल्ली : झारखंड की वांछित मानव तस्कर को शनिवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया. संयुक्त अभियान के दौरान मानव तस्करी की शिकार खूंटी जिले की एक बालिका को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. कार्रवाई महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत संचालित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, झारखंड भवन, नई दिल्ली के समन्वय में चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस और एक स्थानीय एनजीओ ने मिलकर की.
2023 से दर्ज थे कई मानव तस्करी के मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मानव तस्कर के खिलाफ चाईबासा में वर्ष 2023 से मानव तस्करी के कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज थी. अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था. चाईबासा पुलिस पहले भी कई बार दिल्ली पहुंचकर गिरफ्तारी का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी. इस बार संयुक्त टीम ने पिछले दो-तीन दिनों तक आरोपी के संभावित ठिकानों की रेकी की. शनिवार सुबह करीब छह बजे उसके ठिकाने पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से चाईबासा पुलिस को चार दिनों की रिमांड मिली है.
दिल्ली से खूंटी की बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया
इसी अभियान के दौरान एक अन्य मानव तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया. उसके घर से खूंटी जिले की एक बालिका को बरामद किया गया. बालिका को दिल्ली के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है और फिलहाल उसे सुरक्षित गृह में रखा गया है. निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उसके पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी की जा सके.
मानव तस्करी पर जीरो टॉलरेंस की नीति: सचिव
महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में विभाग की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है. सभी जिलों को ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी की संयुक्त टीम को तुरंत नई दिल्ली भेजने को कहा गया है, ताकि पीड़ित बच्चों और महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर उनका पुनर्वास कराया जा सके. उन्होंने कहा कि पुनर्वास के बाद पीड़ित बच्चों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा और उनकी नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि वे दोबारा मानव तस्करी के जाल में न फंसें.
सैकड़ों पीड़ितों का सुरक्षित रेस्क्यू और पुनर्वास
विभाग के अनुसार अब तक मानव तस्करी के शिकार झारखंड के सैकड़ों बच्चों और महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर उनका सफल पुनर्वास किया जा चुका है. पूरी कार्रवाई झारखंड भवन के स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल के निर्देशन में संपन्न हुई.
ये भी पढ़ें...
JPSC Students Protest: रांची में लंबा खिंचेगा आंदोलन, छात्रों को मिल गया नया मंच
साइबर ठगों के निशाने पर लोहरदगा डीसी, फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर भेजे जा रहे भ्रामक संदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










