Ranchi News : राजधानी में होली के दौरान दो युवकों की हत्या
Published by : SHRAWAN KUMAR Updated At : 16 Mar 2025 11:59 PM
दोनों की पत्थर से कूचकर हत्या करने का आरोप
रांची. राजधानी में अलग-अलग जगहों पर होली के दौरान दो युवकों की हत्या कर दी गयी. पहली घटना में चुटिया थाना क्षेत्र के बनस तालाब की सीढ़ी पर युवक दीपक दुबे का शव पड़ा मिला. मामले में मृतक दीपक दुबे के जीजा गोसाई टोला निवासी हरिहर प्रसाद चौबे ने हत्या के आरोप में चुटिया थाना में केस दर्ज कराया है. इन्होंने पुलिस को बताया है कि 15 मार्च की सुबह इन्हें अपने एक मित्र से सूचना मिली कि आपके साला दीपक दुबे का शव बनस ताला की सीढ़ी पर पड़ा है. सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचने पर उन्होंने पाया कि दीपक के शरीर से काफी खून बह चुका है. उसके आंख और कान के पास चोट के निशान थे. सिर के पिछले भाग में भी जख्म का निशान था. इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि पत्थर से हमला कर उसकी हत्या की गयी है. दीपक दुबे मूल रूप से भागलपुर जिला के सोनडीहा का रहने वाला था. वर्तमान में वह कोकर में किराये के मकान में रहकर एक कपड़ा दुकान में काम करता था. हत्या की दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित किशोरगंज चौक से 50 मीटर दूर स्थित श्रीराम टेंट एजेंसी दुकान के शटर गेट के समीप हुई. 15 मार्च की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि राजा नामक युवक का शव टेंट एजेंसी दुकान के शटर गेट के पास पड़ा है. हत्या की घटना को लेकर कोतवाली थाना के एएसआइ मान सिंह हेम्ब्रोम की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ता के अनुसार किसी ने युवक के सिर को पत्थर से कूच कर हत्या की है. युवक कचड़ा और कबाड़ी का सामान चुनकर जीवन-यापन करता था. वह अक्सर रात में घटनास्थल के पास ही सोता था. युवक के माता- पिता की भी मौत हो चुकी है. युवक के परिवार को कोई सदस्य वर्तमान में नहीं है. दोनों हत्याकांड में पुलिस को परिचित पर ही संदेह है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










