ePaper

आदिवासी समाज अपने गौरवशाली इतिहास को पहचानें : कृषि मंत्री

Updated at : 17 Feb 2026 10:16 PM (IST)
विज्ञापन
आदिवासी समाज अपने गौरवशाली इतिहास को पहचानें : कृषि मंत्री

सिलागांई में मंगलवार को अमर शहीद वीर बुधु भगत की 234वीं जयंती समारोह सह विकास मेला का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, चान्हो.

सिलागांई में मंगलवार को अमर शहीद वीर बुधु भगत की 234वीं जयंती समारोह सह विकास मेला का आयोजन किया गया. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की व कल्याण मंत्री चमरा लिंडा शामिल थे. उन्होंने अंग्रेजी साम्राज्य के विरुद्ध 1832 में आंदोलन का बिगुल फूंकने वाले कोल विद्रोह के महानायक वीर बुधु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में वीर बुधु भगत के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है. एक छोटे से गांव सिलागांई से निकलकर अपने नेतृत्व क्षमता व पराक्रम की बदौलत अपना नाम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में दर्ज कराया है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति, उपलब्धियों और बलिदानों को लंबे समय तक दबाने और छिपाने का प्रयास किया गया है. अब समय आ गया है कि हम अपने गौरवशाली इतिहास को स्वयं पहचानें और नयी पीढ़ी तक पहुंचायें. कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि वह आज के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए हैं. इसलिए क्षेत्र की हर मांग और हर भावना को मुख्यमंत्री तक पहुंचाना उनका दायित्व ही नहीं कर्तव्य भी है. कहा कि इतिहास में स्वतंत्रता आंदोलन की शुरुआत 1857 को माना जाता है. लेकिन इससे बहुत पहले 1832 में वीर बुधु भगत ने अंग्रेजी साम्राज्य के विरुद्ध आंदोलन की शुरुआत की थी और अंग्रेजों से लड़ते हुए अपनी शहादत दी थी. श्री लिंडा ने वीर बुधु भगत के स्मारक स्थल के विकास लिए छह करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि हर हाल में अपने बच्चों को पढ़ायें. समारोह में प्रो रामकिशोर भगत द्वारा लिखित वीर बुधु भगत की जीवनी से जुड़े वीर पानी नामक पुस्तक का भी विमोचन किया गया. जयंती समारोह की शुरुआत जलयात्रा से की गयी. जिसमें पूर्व मंत्री बंधु तिर्की भी शामिल थे. जयंती समारोह सह विकास मेला में विभिन्न विभागों ने स्टाॅल लगाये थे. स्टॉल में ग्रामीणों को सरकार के विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी. दोनों मंत्रियों ने स्टाॅल का निरीक्षण किया और लाभुकों के बीच ट्रैक्टर, पौधे, खाद बीज, लिंकेज राशि के चेक व अन्य परिसंपत्ति का वितरण किया. समारोह में स्वागत भाषण डॉ परमेश्वर भगत ने दिया और वीर बुधु भगत की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला. इस दौरान वीर बुधु भगत स्मारक समिति की ओर से दोनों मंत्रियों को जयंती समारोह को राजकीय समारोह घोषित करने, स्मारक स्थल के 52 एकड़ जमीन को संरक्षित करने सहित अन्य मांग को लेकर सात सूत्री मांग पत्र दिया गया. संचालन अल्फ्रेड मिंज ने किया. मौके पर समिति के अध्यक्ष शिवपूजन भगत, महासचिव गोपाल भगत, दिलीप सिंह, बिहारी भगत, रामधनी भगत, हरिनंदन भगत, मोजीबुल्लाह, आशुतोष तिवारी, आदिल अजीम, भउवा उरांव, महादेव उरांव, शिव उरांव, एतवा उरांव, जतरु उरांव सहित अन्य मौजूद थे.

सिलागांई में अमर शहीद वीर बुधू भगत की 234वीं जयंती समारोह सह विकास मेला

समारोह में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की व कल्याण मंत्री चमरा लिंडा हुए शामिल

चान्हो 1, वीर बुधु भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण करती कृषि मंत्री व अन्य.

चान्हो 2, विकास मेला में चेक वितरण करते मंत्री.B

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola