राज्य का पहला अत्याधुनिक एयरबेस कॉम्प्लेक्स दिसंबर तक होगा पूरा

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्टेट हैंगर के पास बन रहा एयरबेस कॉम्प्लेक्स इस वर्ष दिसंबर तक पूरा हो जायेगा.
रांची. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्टेट हैंगर के पास बन रहा एयरबेस कॉम्प्लेक्स इस वर्ष दिसंबर तक पूरा हो जायेगा. यह राज्य का पहला ऐसा कॉम्प्लेक्स होगा जो देश के अन्य महानगरों की तरह होगा. यह कॉम्प्लेक्स अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. कॉम्प्लेक्स पूरी तरह से वातानुकूलित और इको-फ्रेंडली ग्रीन बिल्डिंग होगा. इसमें सीसीटीवी, लिफ्ट, फायर अलार्म की सुविधा भी होगी. कॉम्प्लेक्स जी प्लस फर्स्ट फ्लोर का होगा, जो 3.15 एकड़ में बन रहा है. इसके निर्माण पर 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इस कॉम्प्लेक्स में 24 कक्ष होंगे. यहां मुख्यमंत्री, राज्य के मंत्री, प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री के सलाहकार के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे. वहीं एक कैफेटेरिया, बैठक करने के लिए हॉल, वीआइपी लॉज आदि होंगे. हैंगर में 10 छोटे विमान रखने की सुविधा होगी. वर्तमान में राज्य सरकार के पास एक हेलीकॉप्टर, एक चार्टर्ड एंबुलेंस व एक सात सीटर हवाई जहाज है.
वीआइपी गतिविधि सुचारू ढंग से चलेगी
एयरबेस कॉम्प्लेक्स बनने से वीआइपी गतिविधि और अधिक सुचारू ढंग से चलेगी. राज्य के विभिन्न जिलों से उड़ान भरने वाले चार्टर्ड विमानों के लिए वीआइपी लोगों की गतिविधि, एयर एंबुलेंस की गतिविधि यहीं से होगी. यहीं से चेकिंग और बोर्डिंग भी होगी. उन्हें एयरपोर्ट नहीं जाना होगा. यहां सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती रहेगी.
एयर होस्टेस, ग्राउंड क्रू व एयरक्राफ्ट इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण
एयरबेस कॉम्प्लेक्स में एयर होस्टेस व ग्राउंड क्रू मेंबर के प्रशिक्षण भी आरंभ किया जायेगा. इसके लिए वातानुकूलित हॉल का निर्माण और संसाधन उपलब्ध कराया जायेगा. वर्तमान में एयर होस्टेस और क्रू मेंबर दूसरे राज्यों में प्रशिक्षण लेते हैं. वहीं एयरक्राफ्ट इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण भी दिया जायेगा. इसके लिए नागर विमानन विभाग द्वारा तैयारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




