रांची में सपनों के आशियाने पर चला प्रशासन का बुलडोजर, इलाके में अफरा-तफरी

Updated:
विज्ञापन

रांची के सुखदेव नगर इलाके में मकान को तोड़ता प्रशासन का बुलडोजर. फोटो: प्रभात खबर

Ranchi Bulldozer Action: झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेवनगर में 48 डिसमिल जमीन पर बने 12 घरों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया. हाईकोर्ट आदेश के तहत कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध किया और हल्का लाठीचार्ज भी हुआ. विधायक सीपी सिंह ने समय देने का आग्रह किया, जबकि स्थानीय लोगों ने जमीन खरीद का दावा किया. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Ranchi Bulldozer Action: झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित खादगढ़ा शिव दुर्गा मंदिर के पास 48 डिसमिल भुईंहरी प्रकृति की जमीन पर बने 12 मकानों को तोड़ने का आदेश जारी किया गया. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची. दंडाधिकारी, भारी पुलिस बल, हेहल सीओ और सीआई भी मौजूद थे. कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

घर खाली कराने पहुंचे अधिकारी, लोगों का विरोध

प्रशासन की ओर से जब घर खाली करने की घोषणा की गई तो स्थानीय निवासी आक्रोशित हो उठे. महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर कार्रवाई का विरोध किया. इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई. हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा. विरोध के बावजूद प्रशासन ने एक मकान के अगले हिस्से को बुलडोजर से तोड़ दिया.

लाउडस्पीकर से रात में चेतावनी

शाम करीब 4:30 बजे प्रशासन ने लाउडस्पीकर से घोषणा की कि 48 डिसमिल जमीन पर बने सभी घरों को रातभर में खाली कर दिया जाए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अगले दिन शेष संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जाएगी. इससे क्षेत्र में दहशत और असमंजस की स्थिति बनी रही.

मौके पर पहुंचे विधायक सीपी सिंह

हंगामे की सूचना पर भाजपा विधायक सीपी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बात की और कोर्ट के आदेश की प्रति देखी. विधायक ने मानवीय आधार पर दो-तीन दिनों का समय देने का आग्रह किया ताकि लोग वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें. हालांकि प्रशासन ने बताया कि वे हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने पहुंचे हैं.

जमीन खरीदने का दावा, करोड़ों का भुगतान

स्थानीय लोगों का कहना है कि 48 डिसमिल में से 38.25 डिसमिल जमीन पर वे वर्षों से रह रहे हैं. सीताराम चौधरी, गायत्री देवी, नारायण साव, फूलो देवी, महेश प्रसाद, मोहनलाल साहू, सुरेश साव और रामलखन यादव के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने खतियानी जमीन के वंशज को प्रति कट्ठा 5.25 लाख रुपये के हिसाब से कुल 1 करोड़ 8 लाख 93 हजार 750 रुपये का भुगतान ऑनलाइन और ड्राफ्ट के माध्यम से किया है.

इसे भी पढ़ें: दुमका में महिला और 6 साल की बच्ची की हत्या, इलाके में हड़कंप

प्रशासनिक कार्रवाई से इलाके में तनाव

कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने सख्ती दिखाई, जबकि स्थानीय लोग अपने घर बचाने की गुहार लगाते रहे. फिलहाल प्रशासन अगले चरण की कार्रवाई की तैयारी में है और लोगों से निर्धारित समय में मकान खाली करने को कहा गया है.

इसे भी पढ़ें: रांची में किन्नर को कुचला! पुलिसकर्मी को रौंदने की कोशिश, 11 राउंड फायरिंग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola