रांची में किन्नर को कुचला! पुलिसकर्मी को रौंदने की कोशिश, 11 राउंड फायरिंग

Updated:
विज्ञापन

रांची में सोमवार की रात 2.30 शुरू अपराधियों के तांडव का प्रतीकात्मक स्केच.

Ranchi Crime News: झारखंड की राजधानी रांची के कचहरी चौक पर किन्नर से मारपीट, कुचलने की कोशिश और किडनैपिंग के बाद पुलिस ने 11 राउंड फायरिंग की. आरोपियों ने पुलिसकर्मी को भी रौंदने का प्रयास किया. एक आरोपी गोली से घायल हुआ, दोनों गिरफ्तार. मामले की जांच जारी है और इलाके में दहशत है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Ranchi Crime News: झारखंड की राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में कचहरी चौक के पास सोमवार देर रात दो युवकों और किन्नरों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा. शुरू में यह मामला आपसी कहासुनी का था, लेकिन देखते ही देखते मारपीट, कुचलने की कोशिश और किडनैपिंग जैसी गंभीर वारदात में बदल गया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

बोलेरो में शराब, फिर मारपीट की शुरुआत

पुलिस के अनुसार कचहरी चौक के समीप एक गली में बोलेरो गाड़ी (JH01DFD-5302) में दोनों आरोपी युवक किन्नरों के साथ शराब पी रहे थे. किन्नरों की पहचान लेवनी और स्वीटी के रूप में हुई है. किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने दोनों किन्नरों को गाड़ी से उतार दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

बोलेरो से किन्नर को कुचलने की कोशिश

सिटी एसपी पारस राणा के मुताबिक, आरोपियों ने एक किन्नर को उठाकर पटक दिया और बोलेरो को दो-तीन बार आगे-पीछे कर उसे कुचलने की कोशिश की. इस घटना में एक किन्नर का पैर टूट गया. जब अन्य युवकों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर एक युवक बंटी को कुचल दिया.

घायल युवक को डिक्की में डालकर भागे आरोपी

बंटी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा तो आरोपी उसे बोलेरो की डिक्की में डालकर मौके से फरार होने लगे. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और टीम सक्रिय हो गई. अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी की गई और भाग रही गाड़ी का पीछा शुरू किया गया.

पुलिस वाहन को मारी टक्कर, हवलदार घायल

पीछा करते हुए आरोपियों ने प्रशिक्षु डीएसपी की गाड़ी में धक्का मार दिया. इस टक्कर में अंगरक्षक हवलदार प्रमोद भगत घायल हो गए. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को भी कुचलकर मारने की कोशिश की. इसके बावजूद पुलिस टीम लगातार उनका पीछा करती रही.

11 राउंड फायरिंग, एक आरोपी घायल

मांडर के बास्की गांव की ओर बोलेरो को घेरने की कोशिश की गई. पीए सिस्टम से आरोपियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने फिर पुलिस वाहन को टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया. आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने गाड़ी के टायर को लक्ष्य कर फायरिंग शुरू की. कुल 11 राउंड फायरिंग की गई. इस दौरान एक गोली गाड़ी को भेदते हुए चालक इश्तियाक अंसारी (25) की कमर में जा लगी.

दोनों आरोपी गिरफ्तार, कार पर सात गोलियों के निशान

गोली लगने के बाद इश्तियाक ने गाड़ी रोक दी. पुलिस ने मौके से इश्तियाक अंसारी और उसके साथी गुरफान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. गुरफान नगड़ी के नारो गांव का निवासी है, जबकि इश्तियाक देवड़ी पिस्का का रहने वाला है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो बरामद कर ली है, जिस पर करीब सात गोलियों के निशान पाए गए हैं.

इश्तियाक का आपराधिक इतिहास

सिटी एसपी ने बताया कि इश्तियाक अंसारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. उसके खिलाफ 17 फरवरी 2024 को दंगा, सरकारी काम में बाधा, धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने, आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था.

सुबह 7:30 बजे हुई अंतिम गिरफ्तारी

घटना के बाद घायल इश्तियाक को पहले सदर अस्पताल और फिर दूसरे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया. पुलिस ने सुबह करीब 7:30 बजे रिंची अस्पताल के पास से दोनों आरोपियों को पूरी तरह कस्टडी में लिया.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के 1 लाख स्कूली बच्चों फ्री में मिलेंगे स्कूल ड्रेस, 6.91 करोड़ आवंटित

जांच जारी, इलाके में दहशत

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. किन्नर समुदाय और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है. देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात ने राजधानी रांची की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: दुमका में महिला और 6 साल की बच्ची की हत्या, इलाके में हड़कंप

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola