झारखंड की बेटियों को CM हेमंत का तोहफा, 8.50 लाख छात्राओं को मिलेंगे मुफ्त सेनेटरी नैपकिन, मेडिकल की सीटें भी बढ़ेंगी

Updated:
विज्ञापन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की फाइल फोटो

झारखंड सरकार ने छात्राओं के स्वास्थ्य और शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं. 8.50 लाख स्कूली छात्राओं को हर महीने 10 मुफ्त सेनेटरी नैपकिन मिलेंगे, वहीं मेडिकल सीटों में भी वृद्धि की गई है.

विज्ञापन

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कुल 53 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर स्वीकृति दी गई. कैबिनेट ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है. इस बैठक में राज्य की 8.50 लाख स्कूली छात्राओं के स्वास्थ्य व स्वच्छता को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया, वहीं धनबाद और जमशेदपुर स्थित मेडिकल कॉलेजों में आधारभूत संरचना के विस्तार और एमबीबीएस व पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक की भारी-भरकम राशि मंजूर की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

8.50 लाख छात्राओं को हर महीने मिलेंगे 10 मुफ्त सेनेटरी नैपकिन

कैबिनेट बैठक का सबसे प्रमुख फैसला राज्य की छात्राओं की सेहत और स्वच्छता से जुड़ा है. राज्य के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए 1 अरब 24 करोड़ 37 लाख रुपये की बड़ी योजना को मंजूरी दी गई है. इसके तहत राज्य के 13 हजार से अधिक स्कूलों की लगभग 8.50 लाख छात्राओं को हर महीने 10 'ऑक्सो बायोडिग्रेडेबल' सेनेटरी नैपकिन निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे. स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की इस पहल के तहत हर तीन महीने में सेनेटरी पैड क्लस्टर स्तर तक पहुंचाए जाएंगे, जहां से शिक्षक इन्हें प्राप्त कर छात्राओं के बीच बांट देंगे. इसके लिए सरकार स्कूलों को ट्रांसपोर्टेशन चार्ज भी प्रदान करेगी. संभावना जताई जा रही है कि इसी वर्ष नवंबर माह से छात्राओं के बीच वितरण की यह प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

बढ़ेंगी मेडिकल सीटें

राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने और डॉक्टरों की कमी दूर करने के उद्देश्य से मंत्रिपरिषद ने धनबाद और जमशेदपुर के मेडिकल कॉलेजों के विस्तार के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक के बजट की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटों को 100 से बढ़ाकर 250 करने और पीजी सीटों में बढ़ोतरी के लिए 495.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसके साथ ही, जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और पीजी की सीटें बढ़ाने और नए विभागों की शुरुआत के लिए 393.91 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. इस पहल से राज्य के युवाओं को मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और आम जनता को स्थानीय स्तर पर सुपर-स्पेशलिटी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

ये भी पढ़ें: बिना इजाजत नहीं बदलेंगे सड़कों और सार्वजनिक स्थलों के नाम, झारखंड नगर विकास विभाग ने जारी की नई नियमावली

स्कूली शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर 800 करोड़ से अधिक का निवेश

शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 100 अन्य विद्यालयों को 'सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' की तर्ज पर विकसित करने के लिए 721.43 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. इसके अलावा, प्राथमिक विद्यालयों के समग्र विकास के उद्देश्य से संचालित 'ज्ञानोदय योजना' के तहत वित्तीय वर्ष 2027-28 से 2028-29 के लिए 73 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत कक्षा 1 से 5 के छात्रों को बाइलिंगुअल पैरेंटल कैलेंडर दिए जाएंगे. वहीं, कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए 'स्टूडेंट्स डायरी' उपलब्ध कराने हेतु 27 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.

पुलिस थानों में लगेंगे 9006 सीसीटीवी कैमरे

कानून-व्यवस्था में पारदर्शिता और मजबूती लाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के 606 पुलिस थानों में 9,006 सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु 90 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है. इसके अलावा, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों के निष्पादन के लिए चतरा में विशेष न्यायालय के तहत जिला न्यायाधीश के नए पद के सृजन को भी मंजूरी दी गई है.

ये भी पढ़ें: 1993 में धनबाद के फंड क्लर्क ने ली थी 300 रुपये की घूस, 33 साल बाद झारखंड हाईकोर्ट ने घटायी सजा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola