झारखंड सरकार ने किसानों की धान क्रय की तिथि बढ़ायी, अब इस तारीख तक होगी खरीद बिक्री
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Apr 2022 12:03 PM
झारखंड सरकार ने धान क्रय की तारीख बढ़ा दी है, अब 15 अप्रैल तक धान की खरीद की जाएगी. पहले ये तारीख 31 मार्च तक निर्धारित की गयी थी. साल 2021-22 में कुल आठ लाख मीट्रिक टन धान क्रय का लक्ष्य रखा गया था
रांची : झारखंड में किसानों से धान क्रय की तिथि बढ़ा दी गयी है. सरकार अब 15 अप्रैल तक किसानों से धान क्रय करेगी. इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है. विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में 31 मार्च तक धान क्रय की तिथि निर्धारित की गयी थी. विभाग द्वारा धान क्रय की अब तक की स्थिति की भी जानकारी दी गयी है.
वर्ष 2021-22 में कुल आठ लाख मीट्रिक टन धान क्रय का लक्ष्य रखा गया था, जो की वर्ष 2020-21 की तुलना में 1.80 लाख मीट्रिक टन अधिक है. वर्ष 2020-21 में कुल 6.085 लाख मीट्रिक टन के विरुद्ध 30 अप्रैल 2021 तक 6.22 लाख मीट्रिक टन धान की क्रय की गयी थी. जबकि वर्ष 2021-22 में 31 मार्च तक पिछले वर्ष की तुलना में 0.53 लाख मीट्रिक टन अधिक धान का क्रय किया गया है.
इस वर्ष सभी जिलों में धान क्रय का कार्य झारखंड राज्य खाद्य असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है. जबकि पिछले वर्ष पलामू, गढ़वा एवं चतरा में भारतीय खाद्य निगम द्वारा क्रय किया गया था. राज्य में अब तक 270974 किसानों ने धान बेचने के लिए अपना निबंधन कराया था, जो गत वर्ष की तुलना में 63206 अधिक है. धान बेचने को लेकर निबंधन कार्य अब भी जारी है.
पिछले वर्ष की तुलना में अब तक किसानों को भुगतान भी अधिक हुआ है. पिछले वर्ष 311 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था, जबकि इस वर्ष अब तक 499 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है. इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अब तक 188 करोड़ रुपये अधिक का भुगतान किया गया है.
इस वर्ष धान क्रय को लेकर पिछले वर्ष की तुलना में 220 अधिक केंद्र बनाये गये हैं. पिछले वर्ष 677 केंद्रों पर धान का क्रय किया गया था, इस वर्ष 897 केंद्रों पर धान का क्रय किया जा रहा है. किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का 50 फीसदी राशि का भुगतान यथाशीघ्र किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










