परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ 7 अगस्त को विधानसभा मार्च निकालेगी आईसा, आंदोलन में शामिल होंगी नेहा बोरा
आईसा की केंद्रीय अध्यक्ष नेहा.
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के आरोपों के विरोध में छात्र संगठन आज विधानसभा मार्च कर रहे हैं. आईसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी, जो आंदोलन को और मजबूती देगा.
JPSC Student Protest: जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के आरोपों को लेकर छात्र संगठनों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. इसी क्रम में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) ने शुक्रवार, 7 अगस्त को राज्यव्यापी प्रतिवाद के तहत विधानसभा मार्च का आह्वान किया है. इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल होंगे और राज्य सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखेंगे. मार्च में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली आईसा की केंद्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी विशेष रूप से शामिल होंगी.
बिरसा चौक से निकलेगा मार्च
आईसा के अनुसार विधानसभा मार्च शुक्रवार को दोपहर 12 बजे राजधानी रांची के बिरसा चौक से शुरू होगा. मार्च में आईसा और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (आरवाईए) के कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे. संगठन का कहना है कि यह मार्च राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है. आंदोलनकारी छात्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में सुधार, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और कथित धांधली के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे.
नेहा बोरा देंगी आंदोलन को समर्थन
प्रतिवाद मार्च में आईसा की केंद्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नेहा बोरा इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित भूख हड़ताल और छात्र आंदोलन में भी सक्रिय रूप से शामिल रही थीं. आईसा का कहना है कि उनका रांची आना झारखंड के आंदोलनरत छात्रों के प्रति एकजुटता और समर्थन का संदेश है. संगठन को उम्मीद है कि इससे छात्रों के आंदोलन को और मजबूती मिलेगी.
सरकार से संवाद और स्थायी समाधान की मांग
प्रतिवाद मार्च की पूर्व संध्या पर आईसा ने राज्य सरकार से आंदोलनरत छात्रों के साथ जल्द संवाद शुरू करने की मांग की. संगठन का कहना है कि लंबे समय से छात्र अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, इसलिए सरकार को गंभीरता दिखाते हुए उनकी बात सुननी चाहिए. आईसा की राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का केवल अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान निकालना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बहाल करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है.
संगठन ने रखीं कई प्रमुख मांगें
आईसा ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं. संगठन ने 14वीं जेपीएससी परीक्षा को रद्द करने, जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली में संलिप्त लोगों की पहचान सार्वजनिक करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. इसके अलावा, समय पर परीक्षा कैलेंडर जारी करने, नियमित भर्ती प्रक्रिया संचालित करने और युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है.
निजी एजेंसियों पर भी उठाए सवाल
आईसा के राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और धांधली की घटनाएं सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने दावा किया कि परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी निजी एजेंसियों को सौंपे जाने से ऐसी समस्याएं बढ़ी हैं. उनके अनुसार, भर्ती परीक्षाओं के संचालन की व्यवस्था की समीक्षा कर अधिक पारदर्शी और जवाबदेह प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता है.
इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: सरकार से वार्ता के लिए छात्रों ने बनाई 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की टीम, सार्वजनिक बातचीत पर अड़े
बड़ी संख्या में छात्र होंगे शामिल
आईसा के अनुसार विधानसभा मार्च में रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार, रिया तुलिका पिंगुआ, सुहानी मेहता, नौरीन अख्तर, पंकज, सुफियान, नोहिद, रूपेश, कृष्णा महतो, नीलकंठ महतो, एहतेशाम अली, अफजल दुर्रानी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल होंगे. संगठन का कहना है कि यह प्रतिवाद मार्च प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है. वहीं, सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच संभावित संवाद को देखते हुए इस मार्च पर भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजर बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: आंदोलनकारी छात्र से मिले माले के पूर्व विधायक विनोद सिंह, सरकार से की संवाद करने की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










