Jharkhand: कभी बूढ़ा पहाड़ था नक्सलियों का गढ़, दशकों बाद पुलिस ने किया पूरा कब्जा, जानें पूरी रणनीति
Published by : Sameer Oraon Updated At : 17 Sep 2022 7:59 AM
30 सालों से ज्यादा समय तक नक्सलियों के कब्जे वाले बूढ़ा पहाड़ अब पूरी तरह नक्सल मुक्त हो गया है. पुलिस ने पहाड़ की चोटी पर कैंप स्थापित कर लिया. नक्सलियों को हटाने के लिए पुलिस एक साल से रणनीति पर काम कर रही थी. जल्द ही डीजीपी नीरज सिन्हा बूढ़ा पहाड़ निरीक्षण के लिए जा सकते हैं.
रांची: झारखंड पुलिस ने पहली बार 30 वर्षों से अधिक समय तक नक्सलियों के कब्जे में रहे बूढ़ा पहाड़ को पूरी तरह मुक्त करा लिया है. कब्जा मुक्त होने के बाद झारखंड पुलिस ने पहली बार शुक्रवार को बूढ़ा पहाड़ की चोटी पर एमआइ हेलीकॉप्टर उतारा. आइजी अभियान एवी होमकर ने बताया कि कब्जे के बाद बूढ़ा पहाड़ की चोटी पर कैंप स्थापित कर लिया गया है. अब वहां जवानों को रसद और दूसरे सामान की आपूर्ति हेलीकॉप्टर और दूसरे साधनों से की जायेगी, जिससे जवानों का कैंप वहां बना रहे और नक्सली वहां फिर से अपना ठिकाना नहीं बना सकें. जल्द ही डीजीपी नीरज सिन्हा बूढ़ा पहाड़ निरीक्षण के लिए जा सकते हैं.
आइजी अभियान ने बताया कि 1990 के दशक में बूढ़ा पहाड़ में नक्सलियों का कब्जा रहा था. वहां पर हमेशा सेंट्रल कमेटी के नक्सली रहते थे. जिस कारण वहां नक्सलियों की संख्या अधिक रहती थी. पुलिस ने बीच-बीच में कई अभियान चलाये, लेकिन बूढ़ा पहाड़ पर कभी पूरी तरह कब्जा नहीं हो सका था. वर्ष 2018 के जून माह में अभियान के दौरान जब पुलिस की टीम ने बूढ़ा पहाड़ पर चढ़ने का प्रयास किया, तो नक्सलियों ने आइइडी विस्फोट किया था.
जिसमें छह जवान शहीद हो गये थे. इसके बाद नक्सलियों के खिलाफ अभियान धीमा हो गया था. बीच- बीच में अभियान के दौरान कुछ सफलताएं मिलती रहीं, लेकिन बूढ़ा पहाड़ को पुलिस कभी नक्सलियों के कब्जे से पूरी तरह मुक्त नहीं करा सकी थी.
बूढ़ा पहाड़ को रणनीति के तहत नक्सलियों से कब्जा मुक्त कराने के लिए पुलिस पिछले एक साल से काम रही थी. इसके लिए एडीजी अभियान संजय आनंद लाठकर, आइजी अभियान और एसटीएफ डीआइजी अनूप बिरथरे के नेतृत्व में टीम बनायी गयी थी. टीम पहाड़ के निचले हिस्से में रणनीति के तहत धीरे- धीरे कैंप स्थापित करने लगी. हाल में ही पहाड़ की चोटी पर शीर्ष नक्सलियों के जमा होने की सूचना मिली थी.
सौरभ उर्फ मार्कुस बाबा, रीजनल कमेटी मेंबर नवीन यादव, रीजनल कमेटी मेंबर छोटू खैरवार के अलावा बूढ़ा पहाड़ में 50 नक्सलियों के जमा होने की सूचना पर ऑपरेशन ऑक्टोपस शुरू किया गया. इसके बाद पहाड़ की चोटी पर नक्सलियों के ठिकाने पर लगातार फायरिंग की गयी. जिसके बाद नक्सली पहाड़ की चोटी से निकले और सभी वहां से भाग निकले. जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस का अभियान जारी है. भागे हुए कुछ नक्सली सरेंडर करने की इच्छा जाहिर करते हुए पुलिस से संपर्क कर रहे हैं.
बूढ़ा पहाड़ के बाद अब पारसनाथ पहाड़ को भी नक्सलियों से पूरी तरह मुक्त कराने की तैयारी शुरू हो गयी है. पारसनाथ में नक्सलियों का गढ़ माने जानेवाले मोहनपुर और बेलाटांड़ में पहुंच कर कैंप स्थापित किया जा रहा है. इसी तरह चाईबासा में नक्सलियों का गढ़ माने जानेवाले चितपुल और सरायकेला के लुदीबेड़ा में पहुंच कर पुलिस कैंप स्थापित कर चुकी है. पारसनाथ की ऊपरी चोटी में अब कैंप स्थापित किया जायेगा. ये वे स्थान हैं, जहां दिन में भी पुलिस पहले अभियान के दौरान घबराती थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










