रांची के रॉक व्यू अपार्टमेंट में चल रही थी साइबर क्राइम की पाठशाला, जामताड़ा और रामगढ़ के 5 ठग गिरफ्तार

Published by : Sameer Oraon Updated At : 29 May 2026 4:51 PM

विज्ञापन

प्रेस वार्ता में जानकारी देती पुलिस

Jharkhand Cyber Crime News: रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रॉक व्यू अपार्टमेंट में छापेमारी कर जामताड़ा और रामगढ़ के 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 50 बैंक पासबुक और 26 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं.

विज्ञापन

Jharkhand Cyber Crime News, रांची : राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े साइबर क्रिमिनल सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने चांदनी चौक, धावन नगर स्थित ‘रॉक व्यू अपार्टमेंट’ के एक फ्लैट में छापेमारी कर फर्जी आईडी और बैंक खातों के जरिए ठगी करने वाले पांच शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का मास्टरमाइंड ‘निखिल भैया’ नामक व्यक्ति बताया जा रहा है, जो युवाओं को साइबर अपराध की बकायदा ट्रेनिंग देकर इस अवैध धंधे में धकेल रहा था.

डीएसपी सदर के नेतृत्व में हुई त्वरित छापेमारी

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 28 मई 2026 की रात करीब 8 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ अपराधी जमा हैं और किसी बड़ी साइबर ठगी की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सदर और गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में सशस्त्र बल की एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने जब अपार्टमेंट में छापेमारी की, तो फ्लैट के अंदर से 5 युवकों को दबोचा गया, जिनकी तलाशी लेने पर कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए.

Also Read: नवीन केडिया को नहीं मिली इंग्लैंड जाने की इजाजत, एसीबी की स्पेशल कोर्ट ने याचिका की खारिज

फर्जी पहचान पत्र बनाकर खोलते थे बैंक खाते

पकड़े गए अपराधियों ने पुलिसिया पूछताछ में स्वीकार किया कि वे आम लोगों के फर्जी पहचान पत्र (आईडी) तैयार करते थे और उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में फर्जी खाते खोलकर साइबर ठगी के पैसों का ट्रांजैक्शन करते थे. आरोपियों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि यह फ्लैट ‘निखिल भैया’ का है और निखिल ही इन्हें यहां बुलाकर साइबर क्राइम करने के तौर-तरीके सिखाता था. उन्हीं के इशारे पर यह पूरा सिंडिकेट काम कर रहा था, जिसके आलोक में गोंदा थाना में कांड संख्या-68/26 दर्ज किया गया है.

जामताड़ा, रामगढ़ और बोकारो के रहने वाले हैं गिरफ्तार अभियुक्त

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जामताड़ा जिले के नारायणपुर निवासी 24 वर्षीय काजल कुमार मंडल शामिल है. इसके अलावा रामगढ़ जिले के बाजार समिति निवासी 18 वर्षीय आनंद कुमार, बोकारो जिले के ललपनिया (अय्यर बस्ती) निवासी 23 वर्षीय बिक्की कुमार, रामगढ़ के सौदागर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय शाकिब अंसारी और रामगढ़ के ही महुआ धारा निवासी 17 वर्षीय आरियन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.

भारी मात्रा में पासबुक, एटीएम और चेकबुक बरामद

पुलिस ने फ्लैट की तलाशी के दौरान साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले कई डिजिटल दस्तावेज और उपकरण बरामद किए हैं. जब्त किए गए सामानों में विभिन्न बैंकों के अलग-अलग नामों से कुल 50 पासबुक, विभिन्न बैंकों के कुल 26 डेबिट (एटीएम) कार्ड, अलग-अलग नामों से जारी कुल 08 चेकबुक, 3 आधार कार्ड और कुल 13 स्मार्टफोन शामिल हैं. इन मोबाइलों में से 8 का स्क्रीन लॉक खुला होने के कारण पुलिस ने उनका आईएमईआई (IMEI) नंबर नोट कर लिया है, जबकि बाकी फोन लॉक या स्विच ऑफ पाए गए हैं.

सराहनीय कार्य करने वाली छापेमारी टीम

इस सफल और त्वरित ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से गोंदा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अभय कुमार सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक सनी कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक ओम प्रकाश प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक रामजन्म प्रसाद और आरक्षी-874 प्रेमचंद चौधरी सहित गोंदा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना ‘निखिल भैया’ की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read: तेज आंधी-पानी के बीच गढ़वा के मेराल में भैंस चरा रहा था युवक, बिजली गिरने से हो गई मौत

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola