झारखंड में 53 सिटी मैनेजरों का तबादला, केंद्र के आदेश और संविदा नियमों को ठेंगा दिखा कर सरकार ने खेला दांव

Updated:
विज्ञापन
झारखंड के 53 सिटी मैनेजरों का तबादला

झारखंड के 53 सिटी मैनेजरों का तबादला, Pic Credit- AI Only For Symbolism

झारखंड सरकार ने 53 नगर प्रबंधकों का बड़े पैमाने पर तबादला किया है, लेकिन यह फैसला प्रशासनिक और कानूनी सवालों के घेरे में आ गया है। केंद्र के जनगणना संबंधी निर्देशों और संविदा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया जा रहा है।

विज्ञापन

रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट

Jharkhand City Manager, रांची : झारखंड के शहरी निकायों में राज्य सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 53 नगर प्रबंधकों यानी सिटी मैनजरों का बड़े पैमाने पर तबादला दिया है. नगर विकास एवं आवास विभाग के अधीन नगर प्रशासन निदेशालय ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है. जारी आदेश में स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है कि देवघर में आयोजित होने वाले राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के लिए देवघर नगर निगम में प्रतिनियुक्त किए गए नगर प्रबंधक, मेला अवधि के समाप्त होने के बाद ही अपने नए पदस्थापन वाले नगर निकाय में योगदान देंगे. यह पूरा आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे राज्य में लागू कर दिया गया है.

जनगणना और संविदा नियमों के उल्लंघन का आरोप

इस बड़े पैमाने पर किए गए तबादले के ठीक बाद राज्य सरकार के इस फैसले पर प्रशासनिक और कानूनी सवाल उठने शुरू हो गए हैं. इस विवाद की मुख्य वजह यह है कि जिन नगर प्रबंधकों का तबादला किया गया है, उनमें से एक बहुत बड़ी संख्या ऐसे अधिकारियों की है जिन्हें भारत की जनगणना-2027 के लिए जनगणना पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस संबंध में केंद्र सरकार का स्पष्ट और कड़ा निर्देश है कि जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त किए गए किसी भी अधिकारी का 31 मार्च 2027 तक किसी भी हाल में स्थानांतरण नहीं किया जाना चाहिए. इसके अलावा एक और बड़ा तकनीकी पेंच यह है कि ये सभी नगर प्रबंधक पूरी तरह से संविदा यानी कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत हैं. झारखंड वित्त विभाग के संविदा संबंधी सर्कुलर में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि कॉन्ट्रैक्ट पर होने वाली नियुक्तियां सामान्यतः एक निश्चित पद और विशेष कार्यालय के लिए ही होती हैं. ऐसे कर्मियों की सेवा को किसी भी नियमित स्थानांतरण वाली सरकारी सेवा की तरह नहीं माना जा सकता और न ही उनका साधारण तौर पर तबादला किया जा सकता है. इस नियम के बावजूद किए गए तबादलों ने सरकार के इस कदम को विवादों में ला दिया है.

ये भी पढ़ें: धनबाद के पाथरडीह में बेल्ट से बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, तीन युवक लापता

कौन कहां गए, ये है पूरी लिस्ट

तबादले की इस बड़ी सूची के तहत रंजीत सिंह को चतरा नगर परिषद से रांची नगर निगम, महेश जारिका को सरायकेला नगर पंचायत से रांची नगर निगम और संतोष बेदिया को चाईबासा नगर परिषद से रांची नगर निगम भेजा गया है. इसी तरह रोहित डेविड गुड़िया चतरा से जामताड़ा नगर पंचायत, मेघनाथ चौधरी चास से रामगढ़ नगर परिषद, विकास चंद्रा धनबाद से सिमडेगा नगर परिषद, जय लक्ष्मी भगत साहिबगंज से लोहरदगा नगर परिषद और मृत्युंजय कुमार को रांची से चतरा नगर परिषद के पद पर भेजा गया है. हेलाल अहमद खान गुमला से चतरा, अनिल उरांव साहिबगंज से डोमचांच, राजेन्द्र कुमार जुगसलाई से गिरिडीह, हिमानी बारा हुसैनाबाद से धनबाद, प्रभात कुमार विश्रामपुर से धनबाद, रोहित राहुल सामद गढ़वा से धनबाद और प्रकाश कुमार मिश्रा देवघर नगर निगम से स्थानांतरित होकर धनबाद नगर निगम भेजे गए हैं.

इसके अलावा दिलीप कुमार मेदिनीनगर से चास, नजीबुल्लाह अंसारी हुसैनाबाद से छतरपुर, ओंकार कुमार यादव गढ़वा से विश्रामपुर, प्रशांत भारतीय दुमका से बड़कागांव, आकाश डेविड सिंह सिमडेगा से जमशेदपुर, निखिल किरण डोमचांच से जमशेदपुर और मुकेश निरंजन चिरकुंडा से जुगसलाई नगर परिषद भेजे गए हैं. जॉय गुड़िया को जमशेदपुर से चाकुलिया, समिता भगत को मेदिनीनगर से मानगो, देवशीष प्रधान को आदित्यपुर से सरायकेला, अनुप गुंजन टोपनो को चास से आदित्यपुर और अनामिका निशा बागे को मानगो से आदित्यपुर नगर निगम में स्थानांतरित किया गया है. अरविंद कुमार मोदी गिरिडीह से चाईबासा, ललित नीलम लकड़ा चास से चक्रधरपुर, सुमित प्रशांत सोरेन दुमका से देवघर, अनुप कुमार बुंडू से दुमका, रोहित कुमार गुप्ता गोड्डा से दुमका, रजनीश लाल धनबाद से बाघमारा और सबीर आलम धनबाद से जामताड़ा भेजे गए हैं.

इसी प्रकार संदीप कुमार रांची से मधुपुर, अनुज राकेश किस्पोट्टा मधुपुर से गोड्डा, अनय राज जमशेदपुर से गोड्डा, राकेश कुमार पाठक मांडू से मेदिनीनगर, प्रभात फेबियस मिंज चाकुलिया से मेदिनीनगर, निर्मल कुमार आशीष जामताड़ा से हुसैनाबाद और अभिषेक राहुल चक्रधरपुर से हुसैनाबाद स्थानांतरित किए गए हैं. कुमारी प्रियंका बाघमारा से चास, कुमार शुभम बाबा गिरिडीह से गढ़वा, सौरभ कुमार वर्मा आदित्यपुर से गढ़वा, अंबुज कुमार सिंह रांची से लोहरदगा, प्रेम प्रकाश राजमहल से बाघमारा, बिरेश कुमार श्रीबंशीधरनगर से राजमहल, रंजन कुमार पांडेय धनवार से कपाली, क्रिस्टिना कच्छप कपाली से मांडू, रूपेश रंजन को राज्य शहरी विकास अभिकरण से प्रतिनियुक्ति समाप्त कर मूल विभाग भेजा गया है, जबकि हिमांशु कुमार मिश्रा बाघमारा से गुमला, महफजुर रहमान जामताड़ा से दुमका और विकास कुमार मंडल धनबाद से चिरकुंडा नगर परिषद में नए पदस्थापन के लिए भेजे गए हैं.

ये भी पढ़ें: गिरिडीह के हरलाडीह से मिसिर बेसरा का सहयोगी 25 लाख का ईनामी नक्सली अजय महतो गिरफ्तार, 100 से अधिक मामले दर्ज


विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola