हटिया-बरकाकाना के बीच जल्द दौड़ेगी पैसेंजर ट्रेन, 50 हजार से अधिक यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

Updated:
विज्ञापन

हटिया-बरकाकाना के बीच जल्द दौड़ेगी पैसेंजर ट्रेन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हटिया से बरकाकाना के बीच पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है, जिससे सीधे तौर पर 50 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा. यह सेवा छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों के लिए यात्रा को आसान, सस्ता और सुरक्षित बनाएगी.

विज्ञापन
  • रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद शुरू होगी सेवा, हजारीबाग तक सिंगल लाइन होने से फिलहाल बरकाकाना तक संचालन प्रस्तावित
  • नामकुम, टाटीसिल्वे, मेसरा, हेहल, सिधवार और सांकी समेत कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ
  • छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों के लिए सफर होगा आसान, सस्ता और सुरक्षित

राजेश झा, रांची

विज्ञापन

हटिया से बरकाकाना के बीच जल्द ही पैसेंजर ट्रेन चलने की उम्मीद बढ़ गयी है. पूर्व मध्य रेलवे ने इस संबंध में दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को जानकारी दी है कि हजारीबाग तक फिलहाल सिंगल लाइन होने के कारण वर्तमान में ट्रेन का संचालन बरकाकाना तक ही संभव है. अब दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को भेजेगा. मंजूरी मिलते ही इस रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया जायेगा.

प्रस्तावित रूट के अनुसार ट्रेन हटिया से रांची, नामकुम, टाटीसिल्वे, मेसरा, बारीडीह, हेहल, सिधवार और सांकी होते हुए बरकाकाना तक चलेगी. लंबे समय से इस रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की जा रही थी. अब प्रस्ताव आगे बढ़ने से क्षेत्र के लोगों में उत्साह है.

पैसों की भी होगी बचत

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन के शुरू होने से सीधे तौर पर करीब 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा. अभी इस क्षेत्र के अधिकांश लोग रांची आने-जाने के लिए बसों और निजी वाहनों पर निर्भर हैं, जिससे समय और पैसे दोनों की अधिक खपत होती है. ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा.

छात्रों के लिए बनेगी लाइफलाइन

इस रेल सेवा का सबसे अधिक लाभ छात्रों को मिलेगा. बरकाकाना, सिधवार, सांकी, हेहल, मेसरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रोजाना रांची आते हैं. वर्तमान में उन्हें बस और ऑटो से यात्रा करनी पड़ती है. ट्रेन शुरू होने पर वे कम किराये में समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

व्यापार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार

नई पैसेंजर ट्रेन स्थानीय व्यापारियों और रोजाना रांची आने-जाने वाले कामकाजी लोगों के लिए भी राहत लेकर आयेगी. छोटे कारोबारी कम लागत में आवागमन कर सकेंगे, जबकि रोजगार की तलाश में रांची आने वाले युवाओं को भी सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का साधन मिलेगा. बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है.

कम किराया, बड़ी राहत

रेलवे के सामान्य किराया ढांचे के अनुसार पैसेंजर ट्रेन का जनरल किराया सड़क मार्ग की तुलना में काफी कम होता है. ऐसे में हटिया-बरकाकाना रेलखंड पर यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी.

क्या कहते हैं डीआरएम

रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे ने हटिया से बरकाकाना तक पैसेंजर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को भेजा है. मुख्यालय इसे रेलवे बोर्ड के पास अंतिम स्वीकृति के लिए भेजेगा. स्वीकृति मिलते ही ट्रेन का परिचालन शुरू किया जायेगा.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola