धनबाद के पाथरडीह में बेल्ट से बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, तीन युवक लापता

Updated:
विज्ञापन
युवक की बेरहमी से बेल्ट द्वारा पिटाई करता व्यक्ति और इनसेट में पिटाई के बाद लापता तीनों युवक. फोटो: प्रभात खबर

युवक की बेरहमी से बेल्ट द्वारा पिटाई करता व्यक्ति और इनसेट में पिटाई के बाद लापता तीनों युवक. फोटो: प्रभात खबर

Dhanbad News: धनबाद के पाथरडीह में बेल्ट और डंडे से पिटाई का कथित वीडियो वायरल होने के बाद तीन युवकों के लापता होने से सनसनी फैल गई है. परिजन पुलिस से सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं. पुलिस वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Dhanbad News: धनबाद के झरिया स्थित पाथरडीह थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित मारपीट के वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है. वीडियो में कुछ युवकों की बेल्ट और डंडे से बेरहमी से पिटाई होती दिखाई दे रही है. इसी बीच तीन युवकों के लापता होने की खबर सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. परिजनों का आरोप है कि तीनों युवक घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे. वायरल वीडियो देखने के बाद उन्हें आशंका है कि कहीं उनका संबंध इसी घटना से तो नहीं है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी वीडियो की सत्यता और लापता युवकों के साथ उसके संबंध की जांच की जा रही है.

तीनों युवकों के लापता होने से परिवार में बढ़ी चिंता

परिजनों के अनुसार लापता युवकों की पहचान मिहिर मल्लिक, जयदेव मल्लिक और विक्की मल्लिक के रूप में हुई है. तीनों रामकनाली ओपी क्षेत्र के खेपचाटांड़ बस्ती, कतरासगढ़ के निवासी हैं. परिवार का कहना है कि तीनों युवक चासनाला स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे. इसके बाद से उनका मोबाइल बंद है और उनसे किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो पा रहा है. काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया. इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल कथित मारपीट का वीडियो उनके सामने आया, जिसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई.

थाने पहुंचे परिजन, पुलिस से लगाई गुहार

तीनों युवकों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन पाथरडीह थाना पहुंचे और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने आशंका जताई कि वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना का संबंध उनके बेटों से हो सकता है. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द तीनों की सकुशल बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि जब तक तीनों युवक सुरक्षित घर नहीं लौट आते, तब तक परिवार भय और अनिश्चितता के माहौल में जी रहा है.

डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने तेज की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में पाथरडीह थाना पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही वीडियो की रिकॉर्डिंग, उसके स्थान, समय और उसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस आसपास के इलाकों में भी लापता युवकों की तलाश कर रही है तथा विभिन्न तकनीकी और स्थानीय स्तर पर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.

इसे भी पढ़ें: धनबाद के बनगड़िया नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र के साथ रैगिंग, अस्पताल में भर्ती

वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं, हर पहलू की हो रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है. यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां का है तथा उसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं. इसके अलावा वीडियो में दिख रही मारपीट की घटना और तीनों युवकों के लापता होने के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें. फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है और परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की नजर तीनों युवकों की सुरक्षित बरामदगी तथा जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है.

इसे भी पढ़ें: राजकोट में पश्चिमी सिंहभूम के चार मजदूर बंधक, मारपीटकर कराया जाता है काम; घर लौटने की लगा रहे गुहार


विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola