ePaper

बाबा ग्रुप से जुड़े 45 ठिकानों पर IT रेड, करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त

Updated at : 29 Jan 2026 9:40 PM (IST)
विज्ञापन
बाबा राइस मिल का ऑफिस हरमू रोड

बाबा राइस मिल का ऑफिस हरमू रोड. फोटो: राज कौशिक

Income Tax Raid: आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा, रांची ने बाबा ग्रुप और चावल के आढ़तिया व्यापारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड और बिहार में 45 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. रांची, गया, औरंगाबाद, जमशेदपुर और पटना के ठिकानों से करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद होने की सूचना है और जांच जारी है.

विज्ञापन

Income Tax Raid: आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा, रांची ने बाबा ग्रुप और चावल के आढ़तिया व्यापारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड और बिहार में एक साथ छापेमारी की है. आयकर विभाग की टीमों ने दोनों राज्यों में कुल 45 ठिकानों पर छापे मारे. इनमें रांची के 15, गया और औरंगाबाद के 10-10 ठिकाने शामिल हैं. शेष ठिकाने जमशेदपुर और पटना में स्थित हैं. आयकर विभाग की टीम ने रांची के नगड़ी स्थित बाबा राइस मिल, हरमू रोड स्थित कार्यालय, कांके रोड स्थित मनीष साहू के आवास व रातू रोड रोड स्थित योगेश साहू के आवास समेत अन्य ठिकानों पर छापामारी की. छापेमारी के दौरान चावल के कच्चे व्यापार से जुड़े करोड़ों रुपये के लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की सूचना है. आयकर विभाग के अधिकारी इन दस्तावेजों की जांच में जुटे हुए हैं. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी.

सुबह से ही शुरू हुई छापेमारी

आयकर विभाग ने बाबा एग्रो फूड और बाबा फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के अलावा रांची, गया और औरंगाबाद में चावल के कुल 15 आढ़तिया व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई 29 जनवरी की सुबह रांची और जमशेदपुर के साथ-साथ पटना, औरंगाबाद और गया स्थित ठिकानों पर एक साथ शुरू की गयी. व्यापारियों के चार्टर्ड अकाउंटेंट और अकाउंटेंट्स के ठिकानों पर भी आयकर विभाग के अधिकारी पहुंचे. छापेमारी की सूचना फैलते ही कुछ अकाउंटेंट फरार हो गये, जिनकी तलाश आयकर विभाग कर रहा है. इस व्यापक कार्रवाई में करीब 500 आयकर अधिकारी शामिल रहे.

बाबा एग्रो का टर्नओवर करीब 1500 करोड़

बाबा एग्रो फूड में ज्ञान प्रकाश साहू मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) हैं. मनीष कुमार, राखी साहू, एकता साहू और अमित कुमार कंपनी के निदेशक हैं. बाबा एग्रो फूड का वार्षिक टर्नओवर लगभग 1500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. बाबा एग्रो फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक योगेश साहू हैं. कंपनी में एस मोहंती, राज कुमार लाखोटिया और संचिता जायसवाल निदेशक हैं. यह कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध है और इसका वार्षिक टर्नओवर करीब 300 करोड़ रुपये बताया गया है. बाबा एग्रो फूड के माध्यम से सामान्य और बासमती चावल का कारोबार किया जाता है, जबकि दूसरी कंपनी बाबा फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड आटा, सूजी और मैदा के व्यापार से जुड़ी हुई है.

बाबा राइस मिल के मालिक का घर कांके रोड
बाबा राइस मिल के मालिक का घर कांके रोड फोटो: राज कौशिक

बिष्टुपुर में सीए मनोज चौधरी के ठिकाने पर आयकर की दबिश

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस एरिया में आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने सीए मनोज चौधरी के आवास पर छापेमारी की. यह कार्रवाई भी बाबा राइस मिल ग्रुप से जुड़े टैक्स चोरी और शेल कंपनियों के नेटवर्क को लेकर की गयी. यहां से मिले दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और लॉकरों की जांच जारी है.

गया जी में थोक कारोबारियों पर आयकर का शिकंजा

गया जी में धान, गल्ला और दाल के थोक व्यापारी राजेश साव व गौरी शंकर गुप्ता के आवास व गोदामों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की. रांची से जुड़े लेन-देन और 80 करोड़ से अधिक टर्नओवर में टैक्स चोरी की आशंका है. कई गोपनीय दस्तावेज जब्त किये गये हैं.

औरंगाबाद में राइस मिल मालिकों पर एक साथ छापे

औरंगाबाद में आयकर विभाग ने दो राइस मिल मालिकों और एक धान कारोबारी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. बाबा राइस मिल, सीता राइस मिल और अन्य परिसरों में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और नकदी की जांच हुई. कार्रवाई का संबंध रांची तक फैले नेटवर्क से बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें… 

Gumla Municipal Election 2026: DC और SP ने संभाली कमान, स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्र तक ‘फुल टाइट’ सुरक्षा

Dhanbad: पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने किया नामांकन, समर्थकों के साथ निकाली रैली

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola